Loading...

Mediation Campaign / ‘मेडिएशन फॉर नेशन 2.0’ अभियान के तहत जिला भर में चल रही जागरूकता गतिविधियां

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 9 Jun 2026 • 1 Min Read

Mediation Campaign : जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर द्वारा “मेडिएशन फॉर नेशन 2.0” अभियान के तहत लोगों को मध्यस्थता के महत्व और लाभों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। मध्यस्थता को विवाद निपटारे का सरल, प्रभावी और सौहार्दपूर्ण माध्यम बताया गया है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। अभियान का उद्देश्य न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम करना है।

नाहन

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के आह्वान पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर द्वारा “मेडिएशन फॉर नेशन 2.0” अभियान के तहत जिले भर में व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियां चलाई जा रही हैं। अभियान का उद्देश्य लोगों को मध्यस्थता के महत्व तथा इसके लाभों के प्रति जागरूक करना है, ताकि छोटे-बड़े विवादों का समाधान आपसी सहमति से किया जा सके।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिरमौर के सचिव ने बताया कि मध्यस्थता विवाद निपटारे का एक प्रभावी, सरल और सौहार्दपूर्ण माध्यम है। इस प्रक्रिया में पक्षकार आपसी सहमति से अपने विवादों का समाधान कर सकते हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। साथ ही आपसी संबंधों पर भी प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत पैरा लीगल वालंटियर्स के सहयोग से लोगों को मध्यस्थता के माध्यम से विवाद सुलझाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। यह व्यवस्था न्याय तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के साथ-साथ न्यायालयों में लंबित मामलों का बोझ कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।सचिव ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे पारिवारिक, सामाजिक अथवा अन्य छोटे-बड़े विवादों के समाधान के लिए मध्यस्थता का अधिक से अधिक उपयोग करें और इस जनहितकारी अभियान से जुड़कर इसकी सफलता में योगदान दें।

उन्होंने बताया कि मध्यस्थता की पूरी प्रक्रिया निःशुल्क है। किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता अथवा जानकारी प्राप्त करने के लिए नागरिक राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क कर सकते हैं। अंत में उन्होंने कहा कि मध्यस्थता न केवल विवादों का शांतिपूर्ण समाधान प्रदान करती है, बल्कि समाज में सौहार्द और विश्वास को भी मजबूत बनाने का कार्य करती है।

Related Topics: