किन्नू की बेटी मेघा शर्मा बनीं क्षेत्र की प्रेरणा, स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट ने घर पहुंचकर किया सम्मानित
गांव किन्नू की मेघा शर्मा के सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) पद पर चयन होने पर स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट ने उनके निवास पर पहुंचकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में परिवार ने सम्मान के लिए ट्रस्ट का आभार भी व्यक्त किया।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) के प्रतिष्ठित पद पर चयनित हुईं गांव किन्नू की होनहार बेटी मेघा शर्मा को शनिवार को स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट, चिंतपूर्णी के अध्यक्ष गौरव कुमार ने उनके निवास स्थान पर पहुंचकर विशेष रूप से सम्मानित किया।मेघा शर्मा, जो श्री अशोक कुमार की सुपुत्री हैं, की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। इस अवसर पर गौरव कुमार ने कहा कि मेघा की सफलता केवल उनके परिवार की ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र और जिले के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश की बेटियां यदि अवसर और सही मार्गदर्शन मिले तो किसी भी ऊंचाई को छू सकती हैं और मेघा शर्मा इसका जीवंत उदाहरण हैं।
सम्मान समारोह के दौरान गौरव कुमार ने मेघा शर्मा को माता श्री चिंतपूर्णी जी की पावन चुनरी ओढ़ाकर उनके सुखद, समृद्ध और उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। साथ ही युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद का चित्र भेंट कर उन्हें समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए सदैव प्रेरित रहने का संदेश दिया।उन्होंने कहा कि मेघा शर्मा की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने विश्वास जताया कि मेघा अपने दायित्वों का ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर मेघा शर्मा, उनके पिता श्री अशोक कुमार तथा परिवार के अन्य सदस्यों ने स्वामी विवेकानंद सेवा ट्रस्ट और अध्यक्ष गौरव कुमार का घर पहुंचकर सम्मानित करने तथा बेटी का उत्साहवर्धन करने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। परिवार ने कहा कि इस प्रकार का सम्मान युवाओं का मनोबल बढ़ाता है और उन्हें समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा से निभाने की प्रेरणा देता है।
मेघा शर्मा की इस शानदार उपलब्धि पर पूरे किन्नू गांव सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग उन्हें लगातार बधाई एवं शुभकामनाएं दे रहे हैं। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि गांवों की प्रतिभाएं भी देश की बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में अपनी मेहनत के दम पर नए कीर्तिमान स्थापित कर सकती हैं।