Loading...

चम्बा अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 में एंटी चिट्टा अभियान के तहत होंगे नुक्कड़ नाटक, तैयारियों की समीक्षा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के दौरान युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए एंटी चिट्टा अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटकों का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने समीक्षा बैठक में मेले की सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए।

चम्बा

एंटी चिट्टा अभियान के तहत होंगे विशेष कार्यक्रम

उपायुक्त एवं मिंजर मेला समिति के अध्यक्ष मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 के दौरान एंटी चिट्टा अभियान के अंतर्गत विशेष नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। इन प्रस्तुतियों का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि राजकीय महाविद्यालय चम्बा के विद्यार्थी तथा पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चम्बा के प्रशिक्षु चिकित्सक इन नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति देंगे, जिससे समाज में नशा मुक्ति का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सके।

मेले की तैयारियों की हुई विस्तृत समीक्षा

उपायुक्त ने अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि न्यू बस स्टैंड चम्बा में एक बड़ी एलईडी स्क्रीन स्थापित की जाएगी। इसके माध्यम से नुक्कड़ नाटकों के साथ-साथ विभिन्न जनहित संदेशों का भी प्रसारण किया जाएगा। बैठक में आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विभागवार समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश

बैठक में उपायुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान शुद्ध पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता, पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सुव्यवस्थित संचालन, यातायात प्रबंधन, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि मेले का आयोजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

कारगिल विजय दिवस की तैयारियों पर भी चर्चा

उपायुक्त ने कहा कि 26 जुलाई को आयोजित होने वाले कारगिल विजय दिवस कार्यक्रमों की तैयारियां भी निर्धारित समय से पहले पूरी की जाएं। बैठक के दौरान अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने जानकारी दी कि अंतर्राष्ट्रीय मिंजर मेला-2026 की अधिकांश तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं तथा शेष कार्य भी निर्धारित समयावधि में पूर्ण कर लिए जाएंगे। बैठक में पुलिस एवं विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Topics: