Loading...

मिंजर मेला 2026: सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 650 पुलिस जवान तैनात, सांस्कृतिक संध्याओं का शेड्यूल जारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेला 2026 के सफल संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। एडीसी एवं मिंजर मेला समिति के अधिकारी अमित मैहरा तथा पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने आयोजित प्रेस वार्ता में मेले की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की।

चम्बा

26 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित होंगी आठ सांस्कृतिक संध्याएं

अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा ने जानकारी दी कि मेले में आठ सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा। 26 जुलाई को प्रथम सांस्कृतिक संध्या में इशांत भारद्वाज, अरविंद कुमार, गुलशन पाल, करण, नरेंद्र महाजन, भूपेश तूर तथा अजीत भट्ट एंड पार्टी मुख्य प्रस्तुतियां देंगे। 27 जुलाई को दूसरी संध्या में सुनील राणा, अनुज शर्मा, जितेंद्र पंकज शर्मा, नरेंद्र कुमार निट्टू, भावना जरयाल, नवीन और शिव कुमार एंड पार्टी मंच संभालेंगे। इसके पश्चात 28 जुलाई को कुलदीप शर्मा, 29 जुलाई को यासिर देसाई, 30 जुलाई को अंकुश भारद्वाज, 31 जुलाई को जस्सी गिल और बबल राय, 1 अगस्त को असीस कौर तथा 2 अगस्त को अंतिम सांस्कृतिक संध्या में गिप्पी ग्रेवाल प्रस्तुतियां देंगे। स्थानीय लोक संस्कृति के संवर्धन के लिए हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के सांस्कृतिक दलों को भी आमंत्रित किया गया है।

नई गतिविधियां, नाटी प्रतियोगिता और 51 हजार का नकद पुरस्कार

इस वर्ष मिंजर मेले में कई नए आयाम जोड़े गए हैं। स्वयं सहायता समूहों के लिए 16 स्टॉल स्थापित किए जा रहे हैं, जहां स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय होगा। मेले के शुभारंभ पर स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए नाटी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें विजेता टीम को 51,000 रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। इसके अतिरिक्त मिस मिंजर क्वीन प्रतियोगिता, एंटी-चिट्टा अभियान के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक, पुस्तक मेला, स्वास्थ्य शिविर और मुफ्त कानूनी सलाह के लिए विधिक सेवा शिविर लगाए जाएंगे। खेल स्पर्धाओं में चंबा का पारंपरिक खेल ‘कोड़ी’, महिला कबड्डी, जूनियर हॉकी और जूनियर बास्केटबॉल शामिल हैं।

4 सेक्टरों में विभाजित मेला क्षेत्र, 650 सुरक्षा कर्मी तैनात

सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि संपूर्ण मेला क्षेत्र को 4 सेक्टरों में बांटा गया है। कुल 650 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा महिलाओं की सुरक्षा हेतु एंटी-इव टीजिंग स्क्वाड, नशा तस्करी की रोकथाम के लिए एंटी-चिट्टा स्क्वाड और विशेष खुफिया दल सक्रिय रहेंगे। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और चौगान नंबर 1 में पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर 112 और 1930 जारी किए गए हैं। वाहनों की पार्किंग पुलिस ग्राउंड बारगाह में निर्धारित की गई है तथा प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से भरमौर चौक से मुख्य शहर की ओर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

Related Topics: