मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत मंडी में 35 हजार महिलाओं के बैंक खाते किए जा रहे सीड
हिमाचल प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत गरीब परिवारों की महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाने की दिशा में कार्य कर रही है। मंडी जिले में इसके लिए पात्र महिलाओं के बैंक खातों की सीडिंग का कार्य जारी है। योजना के तहत ई-केवाईसी और बैंक खाते पोर्टल से जोड़े जा रहे हैं, ताकि भविष्य में विभिन्न सरकारी योजनाओं की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में भेजी जा सके।
मंडी
जिले में ऐसे 45 हजार गरीब परिवार चिन्हित किए गए हैं। इनमें से 35 हजार महिलाओं के बैंक खातों की सीडिंग की जानी है, जबकि अब तक 15 हजार महिलाओं के खातों की सीडिंग पूरी की जा चुकी है। इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद पात्र महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे उनके बैंक खातों में मिलेगा।
21 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत बीपीएल परिवारों से संबंधित 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की युवतियों और महिलाओं के बैंक खातों की ई-केवाईसी पूरी करने के बाद उन्हें पोर्टल से जोड़ा जा रहा है। इस कार्य की जिम्मेदारी संबंधित विकास खंडों के खंड विकास अधिकारियों को सौंपी गई है।
प्रत्यक्ष लाभ अंतरण व्यवस्था होगी मजबूत
योजना के तहत बैंक खातों की सीडिंग पूरी होने के बाद सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की सहायता राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं के खातों में भेजी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार भविष्य में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सम्मान योजना जैसी अन्य योजनाओं का लाभ भी पात्र महिलाओं को इसी व्यवस्था के माध्यम से उपलब्ध कराया जा सकता है। जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के प्रोजेक्ट अधिकारी गोपी चंद पाठक ने बताया कि महिलाओं के बैंक खातों की सीडिंग का कार्य लगातार जारी है।