NDPS / शोघी में बस यात्री के बैग से 1140 नशीली दवाइयां बरामद, आरोपी गिरफ्तार
NDPS / शिमला पुलिस की स्पेशल सेल ने शोघी में राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर नाकाबंदी के दौरान एक बस की जांच कर यात्री के बैग से 1140 नशीली दवाइयां बरामद की हैं। पुलिस ने मामले में 41 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब बरामद दवाइयों के स्रोत और कथित अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।
शिमला/शोघी
पुलिस के अनुसार, स्पेशल सेल की टीम शोघी में एनएच-05 पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक बस में सवार यात्री के पीठू बैग की तलाशी ली गई। बैग से ट्रामाडोल एचसीएल 50 एमजी के 960 कैप्सूल और अल्प्राजोलम 0.5 एमजी की 180 टैबलेट मिलीं। पुलिस ने कुल 1140 कैप्सूल और टैबलेट कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार (41), पुत्र अतर सिंह, निवासी शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने पांच नवंबर को उसके खिलाफ धारा 22 एनडीपीएस एक्ट और धारा 18(सी) ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। एएसपी शिमला मेहर पंवार के अनुसार, पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद दवाइयां कहां से लाई गई थीं और इनके कथित अवैध कारोबार में अन्य कौन लोग शामिल हो सकते हैं।