नाबार्ड महाप्रबंधक ने पिपलूघाट पशु विकास केन्द्र का किया निरीक्षण, पशुपालकों को मिल रही सेवाओं की समीक्षा
नाबार्ड के महाप्रबंधक डॉ. विवेक पठानिया ने पिपलूघाट स्थित पशु विकास केन्द्र का दौरा कर वहां उपलब्ध पशु चिकित्सा एवं कृत्रिम गर्भाधान सेवाओं की समीक्षा की। दौरे के दौरान केन्द्र की उपलब्धियों, ग्रामीण आजीविका को मिल रहे सहयोग तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने से जुड़े प्रयासों की जानकारी भी साझा की गई।
सोलन
पशु विकास केन्द्र का किया निरीक्षण
नाबार्ड के महाप्रबंधक डॉ. विवेक पठानिया ने पिपलूघाट स्थित पशु विकास केन्द्र का दौरा कर केन्द्र की कार्यप्रणाली और पशुपालकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नाबार्ड के सहयोग से स्थापित यह केन्द्र ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को घर-द्वार पर गुणवत्तापूर्ण पशु चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि इस पहल से ग्रामीण आजीविका को मजबूती मिलने के साथ दुग्ध उत्पादन और पशुपालकों की आय बढ़ाने में भी सहयोग मिल रहा है।
पशु चिकित्सा और कृत्रिम गर्भाधान सेवाएं उपलब्ध
महाप्रबंधक ने बताया कि केन्द्र में पशु चिकित्सक, वेटरिनरी फार्मासिस्ट, लिक्विड नाइट्रोजन तथा सामान्य और सेक्स-सॉर्टेड सीमेन स्ट्रॉ की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने केन्द्र द्वारा प्रदान की जा रही पशु चिकित्सा सेवाओं और कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम की जानकारी प्राप्त की तथा इन सेवाओं के प्रभावी संचालन की सराहना की।
5,636 कृत्रिम गर्भाधान और 4,277 पशुओं का उपचार
केन्द्र के कार्यों की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अब तक 5,636 सामान्य सीमेन स्ट्रॉ तथा 190 सेक्स-सॉर्टेड सीमेन स्ट्रॉ के माध्यम से कृत्रिम गर्भाधान किए जा चुके हैं। इसके अलावा केन्द्र में 4,277 पशुओं का उपचार किया गया है तथा लगभग 9.67 लाख रुपये मूल्य की पशु दवाइयों का वितरण एवं विक्रय किया गया है। साथ ही केन्द्र द्वारा 10 ग्राम पंचायतों में 25 जागरूकता शिविर आयोजित किए गए, जिनसे स्थानीय पशुपालकों को विभिन्न पशुपालन सेवाओं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी प्राप्त हुई।
दूध संग्रह केन्द्र का भी किया निरीक्षण
दौरे के दौरान डॉ. विवेक पठानिया ने कामधेनु हितकारी मंच द्वारा संचालित दूध संग्रह केन्द्र का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर नाबार्ड सोलन के जिला विकास प्रबंधक अशोक चौहान, कामधेनु हितकारी मंच के प्रधान नानक चंद, पशु चिकित्सक डॉ. एस.एस. सेन, वेट फार्मासिस्ट दानवीर तथा मंच के पदाधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
