नाहन ब्लॉक में पंचायत चुनावों ने पकड़ी रफ्तार, प्रधान पद के लिए बढ़ी दावेदारों की भीड़
Himachalnow / नाहन
नाहन विकास खंड में पंचायतीराज चुनाव-2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन चुनावी माहौल और अधिक तेज हो गया है। विभिन्न ग्राम पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। लगातार बढ़ती दावेदारी और उम्मीदवारों की सक्रियता से ग्रामीण क्षेत्रों में राजनीतिक सरगर्मी साफ दिखाई दे रही है।
नाहन
पंचायतीराज चुनाव-2026 को लेकर नाहन विकास खंड में चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन शुक्रवार को विकास खंड नाहन की 26 ग्राम पंचायतों में प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने अपने नामांकन दाखिल किए।शुक्रवार को प्रधान पद के लिए 39 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे, जबकि उपप्रधान पद के लिए 32 नामांकन दर्ज किए गए। इसके अलावा वार्ड सदस्य पद के लिए 116 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरे।
वहीं जिला परिषद चुनाव के लिए भी गतिविधियां तेज रहीं। एसडीएम कार्यालय नाहन में त्रिलोकपुर और ददाहू वार्ड से दो उम्मीदवारों ने जिला परिषद सदस्य पद के लिए नामांकन दाखिल किए।खंड विकास अधिकारी डॉ. अंजिल गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि दो दिनों के भीतर विकास खंड नाहन में प्रधान पद के लिए कुल 77, उपप्रधान पद के लिए 65 और वार्ड पंच पद के लिए 202 नामांकन दर्ज किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया का अंतिम दिन 11 मई निर्धारित किया गया है।
उधर, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि नाहन विकास खंड के तहत आने वाले जिला परिषद के तीन वार्डों में दो दिनों के भीतर कुल तीन नामांकन प्राप्त हुए हैं।तहसीलदार नाहन उमेश कुमार के अनुसार पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए भी उम्मीदवारों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। विकास खंड नाहन की 15 बीडीसी सीटों के लिए अब तक 25 नामांकन दाखिल किए जा चुके हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी माहौल अब पूरी तरह गर्माने लगा है। पंचायतों में संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता बढ़ गई है, जबकि गांव-गांव में चुनावी चर्चाएं भी तेज हो चुकी हैं। आने वाले दिनों में नामांकन प्रक्रिया के अंतिम चरण के साथ चुनावी समीकरण और अधिक रोचक होने की संभावना जताई जा रही है।