Loading...

नाहन में आयोजित हुआ ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ कार्यक्रम, 190 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नाहन में आयोजित जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ कार्यक्रम में युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने शुभारंभ किया तथा समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने प्रतिभागियों को संबोधित किया।

नाहन

जिला स्तरीय कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ

संस्कृत महाविद्यालय नाहन में जिला स्तरीय ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच अपनाने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने युवाओं से किया संवाद

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने कहा कि प्रतिस्पर्धा, अपेक्षाओं का दबाव और बेहतर प्रदर्शन की इच्छा जैसे कई कारण युवाओं को तनाव की स्थिति में ला सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि अपेक्षित परिणाम न मिलने पर निराश होने के बजाय अपनी कमियों का विश्लेषण करें और भविष्य के लिए बेहतर रणनीति बनाएं। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, चरित्र, भविष्य, परिवार और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है, इसलिए युवाओं को सकारात्मक सोच अपनाकर नशे से दूर रहना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने युवाओं से संवाद कर नशे के प्रति बढ़ते रुझान और उसके कारणों पर भी चर्चा की।

पुलिस अधीक्षक ने अच्छी संगत पर दिया जोर

कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि युवाओं को अच्छी संगत का चयन करना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की नशा संबंधी गतिविधि की जानकारी पुलिस विभाग को उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाती है। इस अवसर पर संस्कृत कॉलेज नाहन की पत्रिका ‘रसालः’ का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नशा न करने की शपथ भी ली।

190 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

जिला युवा अधिकारी अमृषा शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत 8 प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें लगभग 190 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं में लोक नृत्य, लोक संगीत, भाषण, नुक्कड़ नाटक, स्लैम पोएट्री, पेंटिंग, ऑनलाइन रील निर्माण तथा ऑनलाइन स्लोगन लेखन शामिल रहे। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सिरमौर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इन प्रतियोगिताओं में रहे विजेता

  • लोक नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय संस्कृत कॉलेज नाहन प्रथम, यूथ क्लब राजगढ़ द्वितीय तथा राजकीय महाविद्यालय पांवटा साहिब तृतीय स्थान पर रहा।
  • लोक संगीत प्रतियोगिता में स्नेहा ने प्रथम तथा निहारिका व टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
  • भाषण प्रतियोगिता में ऋषभ प्रथम, शिवम द्वितीय तथा सुनयना तृतीय स्थान पर रहे।
  • नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में राइजिंग स्टार नाहन प्रथम तथा संस्कृत महाविद्यालय द्वितीय स्थान पर रहा।
  • स्लैम पोएट्री प्रतियोगिता में शिवम प्रथम, ऋषभ द्वितीय तथा करीना चौहान तृतीय स्थान पर रहीं।
  • पेंटिंग प्रतियोगिता में जेडीएस यूथ क्लब राहोर की प्रभा ठाकुर प्रथम, अभिनव द्वितीय तथा एकता तृतीय स्थान पर रहे।
  • ऑनलाइन रील निर्माण प्रतियोगिता में मोहम्मद अनास टीम से हर्ष प्रथम, संस्कृत कॉलेज नाहन की एनएसएस इकाई द्वितीय तथा अभय शर्मा तृतीय स्थान पर रहे।
  • ऑनलाइन स्लोगन लेखन प्रतियोगिता में संस्कृत कॉलेज की वंदना प्रथम, साक्षी द्वितीय तथा राजकीय महाविद्यालय नाहन की वंशिका कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।

Related Topics: