Loading...

15 घंटे तक बिजली संकट से जूझता रहा नाहन, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो : पूजा तोमर

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

नाहन में लंबे समय तक चली बिजली कटौती और शटडाउन को लेकर पार्षद पूजा तोमर ने विद्युत व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय से काफी देर तक बिजली बहाल न होने और शिकायत तंत्र के प्रभावी ढंग से काम न करने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। साथ ही उन्होंने पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की है।

नाहन

नाहन नगर परिषद के वार्ड नंबर-4 की पार्षद पूजा तोमर ने नाहन शहर में लगातार हो रही बिजली कटौती और 29 जून को हुए लंबे शटडाउन पर कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि शहर के लोग पिछले कई दिनों से अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं और हल्की बारिश के दौरान भी घंटों तक बिजली गुल रहने से जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

पूजा तोमर ने कहा कि 29 जून को विद्युत विभाग ने सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक शटडाउन घोषित किया था, लेकिन बिजली रात लगभग 11 बजे बहाल हुई। निर्धारित 10 घंटे का शटडाउन बढ़कर करीब 14 घंटे तक पहुंच गया, जिससे पूरा शहर लंबे समय तक अंधेरे में डूबा रहा। बिजली आने के बाद भी लंबे समय तक वोल्टेज सामान्य नहीं रहा, जिससे पंखे तक सही ढंग से नहीं चल पाए और लोगों को उमस भरी गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि लंबे बिजली संकट का सबसे अधिक असर अस्पतालों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और आम परिवारों पर पड़ा। लोगों को जरूरी कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, जबकि विभाग का शिकायत तंत्र भी पूरी तरह विफल दिखाई दिया। शिकायत नंबर या तो काम नहीं कर रहे थे या फिर अधिकांश कर्मचारियों ने लोगों के फोन तक नहीं उठाए।

पूजा तोमर ने कहा कि यदि विद्युत विभाग घोषित शटडाउन को तय समय में पूरा करने में सक्षम नहीं है तो आम जनता को घंटों तक परेशान करना उचित नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने प्रदेश सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच करवाने, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए जवाबदेही तय करने की मांग की है।