Loading...

बारिश का कहर: नाहन में डंगा ढहा, पांच मकान खतरे की जद में; 30 लोगों का रेस्क्यू

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 10 Jul 2026 • 1 Min Read

लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच नाहन में डंगा ढहने से पांच मकान खतरे की जद में आ गए, जिसके बाद प्रशासन ने करीब 30 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने मौके का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है।

नाहन

जिला सिरमौर में पिछले करीब 36 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बरसात के चलते जिला मुख्यालय नाहन के एक रिहायशी क्षेत्र में डंगा ढह गया, जिससे पांच मकान खतरे की जद में आ गए। स्थिति को गंभीर देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रभावित मकानों में रह रहे करीब 30 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर रेस्क्यू किया।घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, नाहन के विधायक अजय सोलंकी, एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान तथा नगर परिषद के अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके अलावा अनेक इलाकों में घरों में पानी घुसने की भी सूचनाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि नाहन शहर के वार्ड नंबर-7 में डंगा ढहने से पांच मकान खतरे की जद में आ गए थे और प्रभावित परिवारों के आने-जाने के रास्ते भी बंद हो गए थे। प्रशासन ने समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

विधायक ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए यदि अत्यंत आवश्यक न हो तो यात्रा करने से बचें, क्योंकि लगातार बारिश के बीच सफर करना जोखिम भरा साबित हो सकता है। वहीं प्रशासन ने भी लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने का आग्रह किया है।

Related Topics: