नाहन में 13 से 15 अक्टूबर तक लगेंगे ‘सेवा सेतु’ शिविर, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के लिए मौके पर होगा पंजीकरण
घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने और केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड लिमिटेड के परिचालन वृत्त नाहन की ओर से 13 से 15 अक्टूबर तक तीन दिवसीय ‘सेवा सेतु’ जागरूकता एवं उपभोक्ता पंजीकरण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में उपभोक्ताओं को योजना की विस्तृत जानकारी देने के साथ मौके पर ही ऑनलाइन आवेदन और पंजीकरण में सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
नाहन
सोलर पैनल, सरकारी सब्सिडी और बैंक ऋण की मिलेगी जानकारी; अधीक्षण अभियंता लोकेश ठाकुर ने उपभोक्ताओं से योजना का लाभ उठाने की अपील की।
हिमाचल दस्तक जिला ब्यूरो, नाहन।
अधीक्षण अभियंता लोकेश ठाकुर ने घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे इन शिविरों में पहुंचकर प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी प्राप्त करें और अपनी पात्रता के अनुसार योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करना बिजली खर्च में बचत करने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। शिविरों के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना की प्रक्रिया, वित्तीय सहायता और तकनीकी पहलुओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जाएगी।
शिविरों में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए चार विशेष डेस्क स्थापित किए जाएंगे। पंजीकरण डेस्क पर विभागीय तकनीकी सहायक उपभोक्ताओं को योजना के राष्ट्रीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने में सहायता करेंगे। वहीं, सरकार से सूचीबद्ध सोलर कंपनियों के प्रतिनिधि सोलर पैनल की क्षमता, लागत, आवश्यक उपकरणों और नेट मीटरिंग की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देंगे।
इसके अतिरिक्त, प्रमुख सरकारी बैंकों के प्रतिनिधि शिविरों में उपलब्ध रहेंगे। वे सोलर संयंत्र स्थापित करने के लिए ऋण सुविधाओं की जानकारी देंगे। योजना के तहत दो लाख रुपये तक के सोलर ऋण पर 5.75 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर से उपलब्ध ऋण सुविधा के बारे में भी उपभोक्ताओं को बताया जाएगा। पात्रता और बैंक के निर्धारित नियमों के अनुसार बिना किसी गारंटी के ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी।
योजना परामर्श डेस्क के माध्यम से उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की ओर से मिलने वाली सब्सिडी, योजना की पात्रता संबंधी शर्तों और नेट मीटरिंग प्रणाली के लाभों के बारे में विस्तार से समझाया जाएगा। इससे उपभोक्ताओं को आवेदन से लेकर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने तक की प्रक्रिया समझने में मदद मिलेगी।
अधीक्षण अभियंता लोकेश ठाकुर ने कहा कि विद्युत बोर्ड का प्रयास है कि अधिक से अधिक घरेलू उपभोक्ताओं तक योजना की जानकारी पहुंचे और वे सौर ऊर्जा का लाभ उठाने के लिए आगे आएं। उन्होंने नाहन शहर और आसपास के क्षेत्रों के उपभोक्ताओं से शिविरों में भाग लेने का आग्रह किया।
ये शिविर 13, 14 और 15 अक्टूबर को प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होंगे। उपभोक्ताओं से अपने साथ नवीनतम बिजली बिल और आधार कार्ड लाने की अपील की गई है, ताकि पंजीकरण प्रक्रिया में सुविधा रहे।