NDPS / अम्ब में 7.64 ग्राम चिट्टा बरामद, एक गिरफ्तार
अम्ब में 7.64 ग्राम चिट्टा बरामद, एक गिरफ्तार
ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।
जिला ऊना पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अंब के आदर्शनगर में एक व्यक्ति को 7.64 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर को करीब शाम चार बजे निरीक्षक विपन शर्मा, प्रभारी पुलिस थाना अंब के नेतृत्व में पुलिस टीम को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आदर्शनगर अंब निवासी अभिषेक चौधरी के रिहायशी मकान की नियमानुसार तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को एक कमरे में डबल बेड पर रखे तकिये के नीचे एक पर्स मिला। पर्स की जांच करने पर उसमें से 7.64 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशीले पदार्थ को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास चिट्टा कहां से पहुंचा और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। मामले में नशे की सप्लाई के संभावित बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है, ताकि नशे के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंच बनाई जा सके।
जिला पुलिस ऊना ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि क्षेत्र में चिट्टा, हेरोइन या अन्य मादक पदार्थों की बिक्री अथवा तस्करी से संबंधित कोई गतिविधि सामने आती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।