NDPS / राजगढ़ में कार से 3.55 ग्राम चिट्टा बरामद, ठियोग का 25 वर्षीय युवक गिरफ्तार
NDPS : राजगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत एक कार से 3.55 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद कर 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पुलिस नशीले पदार्थ के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है।
राजगढ़
राजगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 3.55 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस उपमंडल राजगढ़ की डिटेक्शन सेल की टीम गश्त, मादक पदार्थों की तस्करी के संबंध में सुराग जुटाने तथा औचक यातायात जांच के लिए थाना राजगढ़ एवं थाना शिलाबाग क्षेत्र की मुख्य सड़क पर गिरीपुल से नेरीपुल की ओर तैनात थी। इसी दौरान दलीप सिंह की करियाना दुकान के समीप पुलिस ने एक संदिग्ध कार (नंबर HP 09B 2950) को जांच के लिए रोका।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस ने कार से 3.55 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया। वाहन में चालक के अलावा कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। आरोपी की पहचान कमल (25 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय कर्मचंद चौहान, निवासी गांव पड़गैया, डाकघर चनैर, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार आरोपी चिट्टा को अपनी कार में अवैध रूप से छिपाकर परिवहन कर रहा था।
इस संबंध में थाना राजगढ़ में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।मामले की पुष्टि डीएसपी राजगढ़ वीसी नेगी ने करते हुए बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा नशे के कारोबार में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।