Loading...

NDPS / दो अलग-अलग मामलों में पुलिस की कार्रवाई, 104 ग्राम चरस और पांच लीटर अवैध शराब बरामद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 28 Jul 2026 • 1 Min Read

NDPS : सिरमौर पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 104 ग्राम चरस और दूसरे मामले में पांच लीटर अवैध शराब बरामद की है। दोनों मामलों में संबंधित थानों में एनडीपीएस अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

नाहन

जिला सिरमौर पुलिस ने नशे के कारोबार और अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 104 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे मामले में पांच लीटर अवैध शराब बरामद कर आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पहले मामले में पुलिस थाना माजरा की टीम ने 27 जुलाई को गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर गांव मेलियों, डाकघर माजरा, तहसील पांवटा साहिब निवासी मनवर अली पुत्र नीना खान के रिहायशी मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 104 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ माजरा थाना में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गहन जांच जारी है।

वहीं, दूसरे मामले में पुलिस थाना संगड़ाह की टीम ने गश्त के दौरान लाडन मोड़ पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गांव सतयाई, डाकघर लाना पालर, तहसील संगड़ाह निवासी बलवीर सिंह के कब्जे से पांच लीटर अवैध शराब बरामद की। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

जिला पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी ने दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि सिरमौर पुलिस जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब के कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ भविष्य में भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

Related Topics: