एनएचपीसी की सीएसआर पहल से चंबा में विकास को नई रफ्तार, शिक्षा-स्वास्थ्य पर 56.62 करोड़ खर्च
जिला चंबा में एनएचपीसी की सीएसआर योजनाओं के तहत शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं पर कार्य किया गया है। वर्ष 2020-21 से 2025-26 के दौरान एनएचपीसी ने जिले में 56.62 करोड़ रुपये खर्च किए हैं, जिससे हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है। हर्ष महाजन ने कहा कि इन पहलों से क्षेत्र में स्थायी विकास और जनकल्याण को मजबूती मिली है।
चंबा
जिला चंबा में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक विकास के क्षेत्र में एनएचपीसी की कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजनाएं बदलाव की नई कहानी लिख रही हैं। राज्यसभा सांसद एवं ऊर्जा संबंधी स्थायी समिति के सदस्य हर्ष महाजन ने कहा कि एनएचपीसी द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं से जिले के हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है और क्षेत्र के समग्र विकास को मजबूती मिली है।हर्ष महाजन ने बताया कि एनएचपीसी ने शिक्षा के क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए जिले में 45 विद्यालयों के निर्माण का कार्य हाथ में लिया है। इनमें 25 प्राथमिक और 20 माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 7.75 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी, जिसमें से 6.57 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं तथा लगभग पूरी राशि खर्च भी की जा चुकी है। अधिकांश विद्यालयों का निर्माण पूरा हो चुका है जबकि शेष भवन अंतिम चरण में हैं।
उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में 350 वाटर प्यूरीफायर स्थापित किए गए हैं। इस योजना पर 36.68 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए जिले की पांच प्रयोगशालाओं में 18 लाख रुपये की लागत से आधुनिक बायोकेमिस्ट्री एनालाइज़र लगाए गए हैं, जिससे जांच सुविधाओं की गुणवत्ता और दक्षता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए शुरू की गई मोबाइल थेरेपी बैंक सेवा भी लाभदायक साबित हो रही है। इस पहल के माध्यम से करीब 150 बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सा, फिजियोथेरेपी और पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त चंबा चौगान स्थित गांधी गेट के समीप 37 लाख रुपये की लागत से आधुनिक सार्वजनिक शौचालय का निर्माण किया गया है, जिसके संचालन और रखरखाव की व्यवस्था आगामी 30 वर्षों तक सुनिश्चित की गई है। वहीं चुवाड़ी स्थित पैराडाइज डे-केयर सेंटर के उन्नयन के लिए 15 लाख रुपये की वित्तीय सहायता भी प्रदान की गई है।
हर्ष महाजन ने बताया कि वर्ष 2020-21 से 2025-26 के दौरान एनएचपीसी ने जिला चंबा में सीएसआर गतिविधियों पर कुल 56.62 करोड़ रुपये व्यय किए हैं। विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं के माध्यम से किए गए इन निवेशों से शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास के क्षेत्र में स्थायी आधारभूत ढांचे का निर्माण हुआ है।उन्होंने कहा कि एनएचपीसी की पहल केवल भवन निर्माण या सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनकल्याण और सतत विकास के व्यापक दृष्टिकोण का हिस्सा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी एनएचपीसी इसी प्रकार जनहित से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से जिला चंबा के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रहेगी।