कड़ाके की ठंड पर भारी पड़ी आस्था, रेणुका झील में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
एकादशी पर तड़के चार बजे से शुरू हुआ पवित्र स्नान, हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, मां रेणुका और भगवान परशुराम के जयकारों से गूंजा तीर्थस्थल
नाहन
हिमाचल दस्तक जिला ब्यूरो | नाहन
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के दूसरे दिन शुक्रवार को एकादशी पर्व पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कड़ाके की ठंड भी श्रद्धालुओं की आस्था को डिगा नहीं सकी। पवित्र रेणुका झील में तड़के चार बजे से ही श्रद्धालुओं के स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। हिमाचल सहित पड़ोसी राज्यों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने झील में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। इस दौरान समूचा तीर्थस्थल मां रेणुका और भगवान परशुराम के जयकारों से भक्तिमय बना रहा।
धार्मिक परंपराओं के अनुसार सबसे पहले विभिन्न आश्रमों से पहुंचे साधु-संतों ने पवित्र झील में स्नान किया। इसके बाद श्रद्धालुओं के स्नान का क्रम शुरू हुआ, जो देर शाम तक जारी रहा। सुबह के समय कड़ाके की ठंड और झील के ठंडे पानी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने बड़ी संख्या में पवित्र स्नान में भाग लिया।
स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र रेणुका झील की परिक्रमा की तथा मां रेणुका और भगवान परशुराम के मंदिरों में माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में भी दिनभर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालु परंपरा के अनुसार अपने साथ अनाज लेकर आए और तीर्थस्थल पर दान किया। धार्मिक आस्था के साथ दान-पुण्य की इस परंपरा ने मेले की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत की झलक भी प्रस्तुत की।
उधर, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन और श्री रेणुका जी विकास बोर्ड की ओर से सुरक्षा तथा अन्य व्यवस्थाओं के इंतजाम किए गए थे। पवित्र झील के घाटों से लेकर मंदिर परिसर तक दिनभर श्रद्धालुओं की चहल-पहल रही।
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार रेणुका झील को माता रेणुका का स्वरूप माना जाता है। मान्यता है कि भगवान परशुराम अपनी माता रेणुका से मिलने इसी पवित्र तीर्थस्थल पर आते हैं। इसी दिव्य मिलन की स्मृति में अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले का आयोजन होता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि एकादशी के पावन अवसर पर झील में स्नान करने से मन और आत्मा की शुद्धि होती है तथा पापों से मुक्ति और पुण्य की प्राप्ति होती है। स्नान के बाद मां रेणुका और भगवान परशुराम के दर्शन तथा अन्नदान का विशेष धार्मिक महत्व माना गया है। यही वजह है कि सदियों से चली आ रही इस आस्था और परंपरा को निभाने के लिए श्रद्धालु कड़ाके की ठंड की परवाह किए बिना पवित्र झील में डुबकी लगाने पहुंचते हैं। यहां स्नान केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मां रेणुका के प्रति अटूट श्रद्धा और भगवान परशुराम की मातृभक्ति का प्रतीक भी माना जाता है।

