Loading...

Termination / चंबा में जेई की सेवाएं समाप्त, मनरेगा व ग्रामीण विकास कार्यों में अनियमितताओं पर कार्रवाई

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Termination / चंबा जिले के मैहला विकास खंड की ग्राम पंचायत मैहला और धिमला में मनरेगा सहित अन्य ग्रामीण विकास कार्यों में अनियमितताओं के आरोपों पर आउटसोर्स कनिष्ठ अभियंता की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। प्रशासनिक जांच के निष्कर्षों, पहले जारी कारण बताओ नोटिसों तथा कार्य एवं आचरण से जुड़े मामलों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।

चंबा

खंड विकास अधिकारी ने मंगलवार को कनिष्ठ अभियंता की सेवाएं समाप्त करने के आदेश जारी किए। आदेश में संबंधित कर्मचारी को ग्राम पंचायत मैहला और धिमला से जुड़े सभी अभिलेख तथा कार्यभार अन्य कनिष्ठ अभियंताओं को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इसी मामले में कनिष्ठ लेखापाल मनरेगा और ग्राम रोजगार सेवक को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। दोनों कर्मचारियों से बिना काम किए भुगतान करवाने में सहायक पाए जाने के आरोपों पर जवाब मांगा गया है।

नोटिस के अनुसार दोनों कर्मचारियों का जवाब असंतोषजनक पाए जाने पर एक माह के भीतर उनकी सेवाएं समाप्त की जा सकती हैं। कुठवाड़ी गांव के रमेश कुमार ने मनरेगा सहित अन्य विकास कार्यों में अनियमितताएं बरते जाने की शिकायत दर्ज करवाई थी। खंड विकास अधिकारी मैहला बशीर खान ने बताया कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कनिष्ठ अभियंता की सेवाएं समाप्त की गई हैं, जबकि संबंधित दो कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस देकर जवाब मांगा गया है।

Related Topics: