Loading...

हिमाचल में 3 अप्रैल तक रहेगा साफ मौसम, बढ़ती गर्मी से लोग परेशान

हिमाचलनाउ डेस्क • 29 Mar 2025 • 1 Min Read

शिमला: हिमाचल प्रदेश में तीन अप्रैल तक मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन इसके साथ ही गर्मी का असर भी बढ़ता जा रहा है। राज्य के मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने से लोगों को तपिश का एहसास होने लगा है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी हल्की ठंड बनी हुई है।

ऊना में तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो इस सीजन में अब तक का सबसे अधिक दर्ज किया गया तापमान है। इसके अलावा बिलासपुर, भुंतर, सुंदरनगर, मंडी, कांगड़ा, सोलन और नाहन में भी गर्मी महसूस की जा रही है। इन क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ रहेगा, जिससे गर्मी और बढ़ सकती है। अप्रैल महीने में मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने की संभावना जताई जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि ऐसा ही रहा तो लोगों को दिन के समय तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरतनी होगी।