Loading...

पबियाना गुग्गा नवमी मेले में भूपेंद्र धामी ने जीती बड़ी माली, दीदग बना वॉलीबॉल विजेता

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 57 Mins Ago • 1 Min Read

सिरमौर जिले के राजगढ़ से सटी सैर-जगास पंचायत के पबियाना गांव में जिला स्तरीय गुग्गा नवमी मेला परंपरागत ढंग से मनाया गया। मेले की दंगल प्रतियोगिता में भूपेंद्र धामी ने बड़ी माली और रजनीश ने छोटी माली का खिताब जीता। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में दीदग की टीम विजेता रही, जबकि चंबीधार की टीम को उपविजेता स्थान मिला। धार्मिक आयोजन के साथ हुई खेल प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और दर्शकों ने भाग लिया।

राजगढ़/पबियाना

मेले का शुभारंभ गूगा जाहर पीर और मां काली की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। दंगल की बड़ी माली में विजेता भूपेंद्र धामी को 17 हजार रुपये और उपविजेता प्रदीप को 14 हजार रुपये की इनामी राशि दी गई। छोटी माली जीतने वाले रजनीश को नौ हजार रुपये तथा उपविजेता अजय को छह हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया। दंगल में पहलवानों ने अपने दांव-पेच और दमखम का प्रदर्शन किया। कांट्रेक्टर सतीश ठाकुर और विनय ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेकर आयोजकों को 21 हजार रुपये की सहयोग राशि दी।

वॉलीबॉल में दीदग ने चंबीधार को हराया

मेले के तहत आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल में दीदग की टीम ने चंबीधार को हराकर खिताब अपने नाम किया। विजेता टीम को 11 हजार रुपये और उपविजेता टीम को छह हजार रुपये की नकद इनामी राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि पृथ्वीराज ठाकुर ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और आयोजन के लिए 11 हजार रुपये की सहयोग राशि दी। मेले को सफल बनाने में गोयल मोटर्स ने भी सहयोग करते हुए आयोजकों को 31 हजार रुपये की राशि प्रदान की।

Related Topics: