Loading...

पझौता के द्राबला में कला सम्मानोत्सव, डॉ. जोगेन्द्र हाब्बी व गोपाल हाब्बी का हुआ भव्य सम्मान

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

पझौता क्षेत्र के द्राबला गांव में आयोजित कला सम्मानोत्सव में लोक संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. जोगेन्द्र हाब्बी एवं गोपाल हाब्बी का भव्य सम्मान किया गया। राष्ट्रीय और युवा सम्मान प्राप्त दोनों लोक कलाकारों का ग्रामीणों ने फूलमालाओं, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न देकर अभिनंदन किया। समारोह में विभिन्न गांवों के लोगों ने भाग लेकर लोक संस्कृति संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता भी दिखाई।

नाहन

पझौता क्षेत्र के द्राबला गांव में कला सम्मानोत्सव का आयोजन कर लोक संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले डॉ. जोगेन्द्र हाब्बी एवं गोपाल हाब्बी का भव्य सम्मान किया गया। समारोह में द्राबला, जालग, पाट्टी, शल्हेच, धनियासैर, नरोट, लगालग और डाडू टीर सहित आसपास के अनेक गांवों के लोगों ने भाग लिया।लोक कलाकार चेतराम हाब्बी एवं ग्राम पंचायत कोटला बांगी के उपप्रधान महेन्द्र हाब्बी ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी बीर सिंह अत्री तथा हाब्बी बिरादरी के मुखिया पदम सिंह हाब्बी ने की।

हाल ही में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की संगीत नाटक अकादेमी द्वारा डॉ. जोगेन्द्र सिंह हाब्बी का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन होने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। वहीं गोपाल सिंह हाब्बी को पूर्व में संगीत नाटक अकादमी का उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार प्राप्त हो चुका है। इसी उपलब्धि पर दोनों कलाकारों तथा उनके सहयोगी कलाकारों का ग्रामीणों ने फूलमालाओं, जयघोष और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ स्वागत किया।कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. जोगेन्द्र हाब्बी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद महिला मंडल की सदस्यों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। युवा कलाकार एवं उद्घोषक महेन्द्र हाब्बी ने मंच संचालन किया।

स्वागत संबोधन में चेतराम हाब्बी और पंचायत सदस्य रीना हाब्बी ने कहा कि दोनों कलाकारों ने लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान देकर पझौता क्षेत्र और हिमाचल प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।इस अवसर पर विभिन्न गांवों के प्रतिनिधियों तथा महिला मंडल द्राबला ने डॉ. जोगेन्द्र हाब्बी और गोपाल हाब्बी को टोपी, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उनकी धर्मपत्नियों तथा सहयोगी कलाकारों को भी अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में रामलाल वर्मा एवं उनके साथी कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कार्यक्रम के समापन पर ग्रामीणों की ओर से प्रीतिभोज का आयोजन भी किया गया।

अपने संबोधन में डॉ. जोगेन्द्र हाब्बी ने ग्रामवासियों, महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों एवं युवक मंडलों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीणों द्वारा दिया गया यह सामूहिक सम्मान उनके लिए किसी भी राष्ट्रीय अथवा अंतरराष्ट्रीय सम्मान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोक संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे को भी मजबूत करते हैं।समारोह में पंचायत सदस्य सुधीर हाब्बी, गोविन्द हाब्बी, रामस्वरूप अत्री, मायाराम शर्मा, गोविन्द अत्री, अनिल अत्री, पूर्व प्रधान एवं बीडीसी सदस्य तुलसीराम हाब्बी, पूर्व प्रधान नीलम, जयसिंह, संजीव, राजेन्द्र, रणजीत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।