Panchayat Election / टटियाना पंचायत में अनोखी पहल, प्रधान-उपप्रधान सहित पूरा पैनल निर्विरोध चुना
Himachalnow / सिरमौर
Panchayat Election :: टटियाना पंचायत में अनोखी पहल के तहत प्रधान, उपप्रधान और बीडीसी सदस्य सहित पूरा पैनल निर्विरोध चुना गया। पर्ची सिस्टम से हुआ चयन, आपसी सौहार्द और भाईचारे का बना उदाहरण।
नाहन
जिला सिरमौर की टटियाना पंचायत ने प्रदेश में एक अनोखा उदाहरण पेश करते हुए प्रधान, उपप्रधान और बीडीसी सदस्य सहित पूरे पैनल का निर्विरोध चयन किया है। पंचायत की बैठक में सभी पदाधिकारियों का चयन पर्ची सिस्टम के माध्यम से किया गया।
‘शाटी पाशी का चौंतरा’ के नाम से पहचानी जाने वाली ग्राम पंचायत टटियाना के लोगों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे को प्राथमिकता देते हुए चुनावी प्रतिस्पर्धा से दूर रहकर सर्वसम्मति से प्रतिनिधियों का चयन किया। जहां आमतौर पर चुनावों में प्रतिस्पर्धा और खर्च देखने को मिलता है, वहीं इस पंचायत ने शांतिपूर्ण और सामूहिक सहमति का रास्ता अपनाया।
जानकारी के अनुसार, गांव में वर्ष 2020 से यह व्यवस्था लागू है, जिसके तहत पंचायत के चार बड़े परिवारों से नामित प्रतिनिधियों की पर्चियां डालकर चयन किया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत महासू देवता मंदिर प्रांगण में आयोजित बैठक में प्रधान पद के लिए पूनम शर्मा, उपप्रधान पद के लिए दाता राम शर्मा और बीडीसी सदस्य के लिए प्रियंका शर्मा का चयन किया गया।
चयनित उम्मीदवारों पर पंचायत के सभी लोगों ने सहमति जताई और इस व्यवस्था का समर्थन किया। गांववासियों का मानना है कि इससे आपसी भाईचारा मजबूत होता है, चुनावी खर्च से बचाव होता है और बिना किसी विवाद के प्रतिनिधियों का चयन संभव हो पाता है।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि यह मॉडल अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणा बन सकता है, जहां लोकतंत्र की जड़ें मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव को भी बढ़ावा मिलता है।