पंचायती राज चुनावों के रोस्टर में छेड़छाड़ कर अपनों को लाभ पहुंचाने का किया काम,लेकिन फिर भी सुक्खू सरकार की हार निश्चित: अजय ठाकुर
Himachalnow / ऊना / वीरेंद्र बन्याल
पंचायती राज चुनावों को लेकर प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अजय ठाकुर ने रोस्टर में छेड़छाड़ कर अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने का आरोप राज्य सरकार पर लगाया है। उन्होंने कहा कि जनता इस बार चुनावों में अपना फैसला सुनाकर सरकार को जवाब देगी।
ऊना
पंचायती राज चुनावों को लेकर प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में राष्ट्रीय ह्यूमन राइट युवा विंग के प्रदेश चेयरमैन एवं भाजयुमो के राज्य कार्यकारिणी सदस्य अजय ठाकुर ने राज्य की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनावों के रोस्टर के साथ छेड़ छाड़ कर सरकार ने अपने चहेते लोगों को लाभ पहुंचाने का काम किया है, जिसे जनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। अजय ठाकुर ने कहा कि मुच्छाली जिला पार्षद वार्ड को लगातार पांचवीं बार आरक्षित रखा गया है, जो अपने आप में कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2000 के बाद से इस वार्ड को सामान्य (जनरल) वर्ग के लिए मौका नहीं दिया गया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। उनका कहना है कि एक ही वार्ड को बार-बार आरक्षित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की भावना के विपरीत है और इससे कई योग्य उम्मीदवार चुनाव लड़ने के अधिकार से वंचित हो रहे हैं।
अजय ठाकुर ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार को आगामी पंचायती राज चुनावों में हार का डर सता रहा है, इसलिए जानबूझकर रोस्टर में फेरबदल कर अपने समर्थकों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। अजय ठाकुर ने कहा कि सरकार को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से रोस्टर तय करना चाहिए था, ताकि सभी वर्गों को समान अवसर मिल सके। लेकिन वर्तमान सरकार ने राजनीतिक लाभ के उद्देश्य से नियमों की अनदेखी की है। अजय ठाकुर ने यह भी कहा कि पंचायती राज चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद होते हैं और इनमें किसी भी प्रकार की अनियमितता जनता के विश्वास को कमजोर करती है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने इस मामले पर पुनर्विचार नहीं किया तो जनता चुनावों के दौरान अपना फैसला सुनाएगी और सरकार को आईना दिखाने का काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि आने वाले पंचायती राज चुनावों में भारतीय जनता युवा मोर्चा सक्रिय भूमिका निभाएगा और हर स्तर पर संगठन को मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे और गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कार्य कर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं और चुनावों में पूरी मजबूती के साथ कार्य करें। अजय ठाकुर ने अंत में कहा कि प्रदेश की जनता अब जागरूक हो चुकी है, किसी भी प्रकार की अनियमितता को सहन नहीं करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायती राज चुनावों में जनता अपने मताधिकार का सही उपयोग करते हुए राज्य सरकार को करारा जवाब देगी और लोकतंत्र की मजबूती में अपनी अहम भूमिका निभाएगी।