Loading...

पांगी में छत से गिरा व्यक्ति, पालकी में छह किलोमीटर बर्फ में चलकर पहुंचाया सड़क तक

हिमाचलनाउ डेस्क • 16 Mar 2025 • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय क्षेत्र पांगी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे पुंटों गांव निवासी 37 वर्षीय शाम सिंह पुत्र दुर्गा दास अपने दो मंजिला मकान की छत से बर्फ हटाते समय संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गए।

पालकी में छह किलोमीटर, फिर वाहन से अस्पताल तक
हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल शाम सिंह को पालकी में उठाकर छह किलोमीटर तक बर्फ में पैदल चलकर सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद उसे नौ किलोमीटर दूर सड़क मार्ग से सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया गया।

गंभीर हालत में कुल्लू अस्पताल रेफर
किलाड़ अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद शाम सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कुल्लू अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि, भारी बर्फबारी के कारण सड़क मार्ग पूरी तरह बाधित है, जिससे अस्पताल तक पहुंचना बेहद मुश्किल हो रहा है।

हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट करने की मांग
परिजनों ने प्रशासन से मांग की है कि मरीज को हेलीकॉप्टर के माध्यम से तुरंत एयरलिफ्ट किया जाए, ताकि समय पर उचित इलाज मिल सके। इलाके में बर्फबारी के कारण हालात सामान्य नहीं हैं, जिससे राहत के लिए हवाई मदद ही एकमात्र विकल्प नजर आ रहा है।