Loading...

ऐतिहासिक जिला स्तरीय पिपलू मेला 24 से 26 जून तक मेला तैयारियों को लेकर विधायक विवेक शर्मा ने ली अधिकारियों की बैठक 

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

जिला स्तरीय पिपलू मेला इस वर्ष 24 से 26 जून तक श्रद्धा, संस्कृति और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। मेले की तैयारियों को लेकर विधायक विवेक शर्मा ने अधिकारियों, मेला समिति और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं, डॉग शो, प्रदर्शनियों और स्टार नाइट सहित विभिन्न आकर्षणों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उपमंडल बंगाणा के अंतर्गत आने वाले गांव पिपलू में आयोजित होने वाला तीन दिवसीय जिला स्तरीय पिपलू मेला इस वर्ष 24 से 26 जून तक श्रद्धा, संस्कृति और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने शनिवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों, मेला समिति के पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।बैठक में मेले के आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं, समितियों की जिम्मेदारियों तथा आवश्यक प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक ने अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।

विधायक विवेक शर्मा ने बताया कि 24 जून को पारंपरिक फेरी एवं झंडा रस्म के साथ पिपलू मेले का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। क्षेत्र की लोक परंपराओं और धार्मिक मान्यताओं के अनुरूप विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और लोगों की संभावित भागीदारी को देखते हुए प्रशासन को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि पिपलू मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है। इसके सफल आयोजन में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की सहभागिता महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

सांस्कृतिक संध्याओं में झलकेगी लोक संस्कृति की रंगत

विधायक ने बताया कि इस वर्ष मेले की सांस्कृतिक संध्याओं को विशेष रूप से आकर्षक बनाया जाएगा। तीनों दिनों में आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिमाचली लोक कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच प्रदान किया जाएगा।मेले का एक दिन पूरी तरह स्कूली विद्यार्थियों को समर्पित रहेगा, जिसमें छात्र-छात्राएं लोकनृत्य, समूहगान, भाषण, नाटक तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

खेल प्रतियोगिताएं बनेंगी युवाओं के आकर्षण का केंद्र

मेले के दौरान वॉलीबॉल, कबड्डी, रस्साकशी, बास्केटबॉल तथा रेसलिंग सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और टीमों को सम्मानित किया जाएगा।विधायक ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करने के साथ-साथ उनकी खेल प्रतिभाओं को निखारने का अवसर देते हैं।

डॉग शो और प्रदर्शनियां रहेंगी विशेष आकर्षण

इस वर्ष पिपलू मेले में डॉग शो मेला स्थल पर विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसके अतिरिक्त विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों तथा विभागीय गतिविधियों से संबंधित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनके माध्यम से लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।

यातायात पर रहेगा विशेष फोकस

मेले के दौरान सुचारू यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस विभाग को विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्किंग, वाहन संचालन तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

26 जून की स्टार नाइट बनेगी मुख्य आकर्षण

विधायक ने कहा कि मेले के अंतिम दिन 26 जून को भव्य स्टार नाइट का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध लोक कलाकारों के साथ पंजाबी गायकों की प्रस्तुतियां भी दर्शकों का मनोरंजन का मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेगी।

ये रहे उपस्थित

बैठक में कुटलैहड़ कांग्रेस अध्यक्ष विवेक मिंका, एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल, उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक अंशुल धीमान, तहसीलदार एवं मेला अधिकारी अमित कुमार, बीडीओ के.एल. वर्मा, कृषि अधिकारी सतपाल धीमान, वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, जंगा रेंज अधिकारी अंकुश आनंद, थाना प्रभारी रोहित चौधरी, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता हरभजन सिंह,  के.सी. शर्मा, दिनेश खत्री, बीडीसी सदस्य शेर सिंह, उपप्रधान संजय सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Topics: