Loading...

पीएम श्री मॉडल स्कूल राजगढ़ में विश्व जैव विविधता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 1 Hour Ago • 1 Min Read

पीएम श्री गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल राजगढ़ में विश्व जैव विविधता दिवस जागरूकता और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के महत्व की जानकारी दी गई। भाषण, चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

राजगढ़

पीएम श्री गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल राजगढ़ में शुक्रवार को यूथ एंड इको क्लब के तत्वावधान में विश्व जैव विविधता दिवस उत्साह और जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और जैव विविधता के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेमचंद चौहान और इको क्लब प्रभारी प्रवीण शर्मा ने प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को जैव विविधता के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर पाए जाने वाले जीव-जंतु, पेड़-पौधे, पक्षी, सूक्ष्म जीव और प्राकृतिक संसाधनों की विविधता ही जैव विविधता कहलाती है, जो जीवन का मूल आधार है।

उन्होंने कहा कि मानव जीवन पूरी तरह प्रकृति पर निर्भर है और भोजन, जल, शुद्ध वायु सहित अनेक आवश्यक संसाधन प्रकृति से ही प्राप्त होते हैं। वर्तमान समय में जंगलों की अंधाधुंध कटाई, बढ़ता प्रदूषण, प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग, जलवायु परिवर्तन और प्राकृतिक संसाधनों के अत्यधिक दोहन से जैव विविधता पर खतरा बढ़ता जा रहा है। कई जीव-जंतुओं और पक्षियों की प्रजातियां विलुप्त होने की कगार पर पहुंच रही हैं।इस अवसर पर विद्यालय में भाषण, चित्रकला और नारा लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। भाषण प्रतियोगिता में 12वीं कक्षा की समृद्धि ने प्रथम, निवेदिता ने द्वितीय और महक ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

चित्रकला प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में गुंजन प्रथम, नव्या द्वितीय और देवांश तृतीय रहे। सीनियर वर्ग में धीरज और कृतिका ठाकुर संयुक्त रूप से प्रथम, सारिका द्वितीय तथा मन्नत और सृष्टि संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहे।नारा लेखन प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में संजीवनी प्रथम, तृषा द्वितीय और वेथरव वर्मा तृतीय स्थान पर रहे। वहीं सीनियर वर्ग में आरुषि ठाकुर ने प्रथम, अंकित और आरुषि ने संयुक्त रूप से द्वितीय तथा श्रुति और कृतिका ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।विद्यालय प्रशासन ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव जागरूक रहने का संदेश दिया।

Related Topics: