Politics / मुख्यमंत्री ने हरिपुरधार क्षेत्र को बार-बार किया निराश : पृथ्वी सिंह
Politics : भाजपा नेता पृथ्वी सिंह ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर हरिपुरधार क्षेत्र की जनता को निराश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मां भंगायणी मेले के समापन समारोह में नहीं पहुंचे, जबकि निजी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए क्षेत्र में आए थे। साथ ही उन्होंने क्षेत्र के विकास और डीनोटिफाई किए गए संस्थानों को लेकर भी सरकार को घेरा।
नाहन
सिरमौर जिला भाजपा अनुसूचित मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष पृथ्वी सिंह ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर सिरमौर विशेषकर हरिपुरधार क्षेत्र की जनता को बार-बार निराश करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि प्रसिद्ध मां भंगायणी मेले के समापन समारोह की वर्षों पुरानी परंपरा को दरकिनार करते हुए मुख्यमंत्री हरिपुरधार नहीं पहुंचे, जबकि गत दिवस वह निजी विवाह समारोह में शामिल होने के लिए हरिपुरधार के निकट टूटटी गांव पहुंचे।पृथ्वी सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने निजी दौरे के लिए हेलीकॉप्टर का उपयोग किया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि उन्हें क्षेत्र के विकास से अधिक निजी कार्यक्रमों की चिंता है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री प्रदेश के वित्तीय संसाधनों का उपयोग विकास कार्यों के बजाय अपनी मित्र मंडली के पोषण में कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि मां भंगायणी मेले के समापन समारोह में क्षेत्र के लोगों ने मुख्यमंत्री को इस उम्मीद से आमंत्रित किया था कि वह पिछड़े क्षेत्र के विकास के लिए नई घोषणाएं करेंगे, लेकिन उन्होंने हरिपुरधार आना भी उचित नहीं समझा। इससे क्षेत्रवासियों में निराशा का माहौल है।उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार द्वारा खोले गए सिविल अस्पताल हरिपुरधार, विद्युत मंडल संगड़ाह तथा विद्युत उपमंडल हरिपुरधार सहित कई सरकारी संस्थानों को डीनोटिफाई कर बंद कर दिया, जिससे क्षेत्र के विकास को झटका लगा है।पृथ्वी सिंह ने कहा कि सरकार के इस रवैये से हरिपुरधार और आसपास के क्षेत्रों के लोगों में रोष है। उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री के इस तुगलकी रवैये का राजनीतिक खामियाजा कांग्रेस को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भुगतना पड़ेगा।