Loading...

Politics / मुख्यमंत्री के बयान पर रीना कश्यप का पलटवार, जनादेश के अपमान का लगाया आरोप

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 58 Mins Ago • 1 Min Read

Politics : पच्छाद की विधायक रीना कश्यप ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों पर की गई टिप्पणी जनादेश और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है। रीना कश्यप ने मुख्यमंत्री से प्रदेशवासियों से माफी मांगने की मांग करते हुए पंचायत राज संस्थाओं के सम्मान पर जोर दिया।

नाहन

पच्छाद से विधायक रीना कश्यप ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों को लेकर दिए गए बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि हालिया पंचायत राज चुनावों में मिली हार के बाद कांग्रेस नेताओं में बौखलाहट साफ दिखाई दे रही है, जिसका असर उनके बयानों में नजर आ रहा है।
रीना कश्यप ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुने गए जनप्रतिनिधियों के प्रति इस प्रकार की टिप्पणी न केवल जनादेश का अपमान है, बल्कि संविधान की मूल भावना के भी विपरीत है। उन्होंने कहा कि जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य हजारों मतदाताओं द्वारा चुने जाते हैं और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विधायक ने कहा कि पंचायत राज संस्थाएं लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं और इनके प्रतिनिधियों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का बयान ग्रामीण जनता की भावनाओं को आहत करने वाला है तथा इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा पर भी प्रश्नचिह्न लगता है।
रीना कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने बयान पर प्रदेशवासियों से माफी मांगनी चाहिए थी, लेकिन इसके बजाय वह अपने वक्तव्य का बचाव करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति से संयमित भाषा और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप आचरण की अपेक्षा की जाती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के सम्मान के लिए हमेशा प्रतिबद्ध रही है तथा भविष्य में भी जनादेश के सम्मान की आवाज उठाती रहेगी।

Related Topics: