Monsoon / टकराला की नई आबादी के कई घरों में घुसा पानी, लोगों ने प्रशासन से मांगा स्थायी समाधान
Monsoon : जिला ऊना के चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत टकराला के वार्ड नंबर-6 नई आबादी में रविवार रात हुई तेज बारिश लोगों के लिए भारी मुसीबत बन गई। बरसाती पानी कई घरों में घुस गया, जिससे लोगों को पूरी रात परेशानियों का सामना करना पड़ा। घरों में रखा सामान भी पानी की चपेट में आने से नुकसान पहुंचा।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सड़कें ऊंची बनने के बाद बरसाती पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई। इसी कारण बारिश का पानी सीधे रिहायशी मकानों में घुस गया। लोगों का कहना है कि अभी तो मानसून की शुरुआत हुई है, यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं।
स्थानीय निवासी गोपाल कृष्ण ने बताया कि जब सड़क का निर्माण किया जा रहा था, तब ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से जिला प्रशासन और स्थानीय विधायक को बरसाती पानी की निकासी के लिए ज्ञापन सौंपा था। इसके बावजूद कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। अब वही लापरवाही स्थानीय लोगों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि हर बारिश में लोगों को इस तरह की परेशानी और नुकसान का सामना न करना पड़े।
उधर, मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के कई जिलों, जिनमें ऊना भी शामिल है, में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव और बरसाती नालों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
