राजा वीरभद्र सिंह को नमन, कांग्रेस नेताओं ने मेडिकल कॉलेज में मरीजों का जाना हाल
स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की 92वीं जयंती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नाहन मेडिकल कॉलेज में मरीजों का हालचाल जाना और फल वितरित किए। नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री के विकास कार्यों और जनसेवा की विरासत को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नाहन
प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की 92वीं जयंती पर सोमवार को डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मरीजों का कुशलक्षेम जाना और फल वितरित किए। इस दौरान राजा वीरभद्र सिंह के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।कार्यक्रम में नाहन विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक कंवर अजय बहादुर सिंह, युवा कांग्रेस नेता जयदीप शर्मा, नगर निगम नाहन के वरिष्ठ पार्षद योगेश गुप्ता सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।इस अवसर पर कंवर अजय बहादुर सिंह ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह केवल एक राजनेता नहीं बल्कि हिमाचल के विकास पुरुष थे। उन्होंने प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि नाहन मेडिकल कॉलेज भी उनकी दूरदर्शी सोच और जनहित के प्रति समर्पण का परिणाम है, जिसका लाभ आज पूरे जिला सिरमौर की जनता को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राजा साहब की विकासवादी सोच और जनसेवा की विरासत आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करती रहेगी।
युवा कांग्रेस नेता जयदीप शर्मा ने कहा कि राजा वीरभद्र सिंह ने युवाओं को राजनीति और समाज सेवा में आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना ही राजा साहब की राजनीति की सबसे बड़ी पहचान थी। उनकी जयंती पर मरीजों के बीच पहुंचकर सेवा कार्य करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाज के हर वर्ग की सेवा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
वरिष्ठ पार्षद योगेश गुप्ता ने कहा कि राजा वीरभद्र Singh का सिरमौर और नाहन के विकास में अतुलनीय योगदान रहा है। उनके कार्यों को प्रदेश की जनता हमेशा याद रखेगी।इस दौरान पूर्व पार्षद वीरेंद्र पासी, अमर सिंह ठाकुर, नौशाद अली, रमेश ठाकुर, पंकज तोमर, सुखचैन ठाकुर, निखिल, सुरेश, रिजवान अली, मयंक शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।