Loading...

कांग्रेस सरकार पर हर महिला के 60 हजार रुपए बकाया : डॉ. बिंदल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 53 Mins Ago • 1 Min Read

Himachalnow / नाहन

प्रदेश में पंचायत चुनावों के बीच भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर गारंटियों को लेकर बड़ा हमला बोला है। डॉ. राजीव बिंदल ने महिलाओं को 1500 रुपए देने के वादे को लेकर सरकार को घेरा। भाजपा ने दावा किया कि जनता अब पंचायत चुनाव में कांग्रेस को जवाब देने के मूड में है।

नाहन

जिला परिषद वार्ड नंबर 11 बनकला से भाजपा समर्थित प्रत्याशी अंकिता शर्मा ने बुधवार को एसडीएम कार्यालय नाहन में नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश की जनता अब “झूठी गारंटी वाली सरकार” को सबक सिखाने के लिए तैयार बैठी है।मीडिया से बातचीत में डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने 2022 विधानसभा चुनाव में महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए देने की गारंटी दी थी, लेकिन 42 महीने बीत जाने के बाद भी महिलाओं को एक पैसा नहीं मिला। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश सरकार पर हर महिला के करीब 60 हजार रुपए बकाया हैं और महिलाएं अब इसका हिसाब मांग रही हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले बड़े-बड़े वादे किए, लेकिन जमीन पर कुछ भी दिखाई नहीं दिया। पहली कैबिनेट में एक लाख सरकारी नौकरियां देने का दावा किया गया था, मगर आज तक एक भी स्थायी नौकरी नहीं दी गई। बेरोजगार युवा खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं और सरकार के खिलाफ माहौल लगातार बढ़ रहा है।डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा, पेंशनरों की पेंशन अटक रही है और मेडिकल बिलों का भुगतान तक लंबित पड़ा है। किसान, बागवान और आम आदमी सभी सरकार की नीतियों से परेशान हैं।

उन्होंने कहा कि बिजली के बढ़े बिल लोगों को “करंट” मार रहे हैं, बस किराया बढ़ा दिया गया है, सीमेंट महंगा कर दिया गया और राशन डिपो तक में गरीबों को राहत नहीं मिल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया है।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री खुद कह चुके हैं कि सरकार के पास विकास कार्यों के लिए पैसा नहीं है। ऐसे में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार जनता के बीच किस काम के आधार पर वोट मांग रहे हैं, यह बड़ा सवाल है।

उन्होंने दावा किया कि पंचायत चुनावों में प्रदेश की जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को भारी समर्थन मिलेगा।इस अवसर पर भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Topics: