Loading...

Rajeev Bindal / गृह जिला पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. बिंदल, दीप कमल कार्यालय में हुआ भव्य स्वागत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 5 Jul 2025 • 1 Min Read

Rajeev Bindal : डॉ. राजीव बिंदल ने गृह ज़िले के कार्यकर्ताओं को ऊर्जा से भर दिया, आपदा पीड़ितों के लिए राहत सामग्री भी रवाना की

नाहन

नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का जिले में गर्मजोशी से स्वागत, आपदा राहत के प्रति दिखाई संवेदनशीलता

तीसरी बार प्रदेश अध्यक्ष बने डॉ. राजीव बिंदल शनिवार को जब पहली बार अपने गृह जिला सिरमौर पहुंचे, तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। जिला भाजपा कार्यालय दीप कमल में आयोजित इस कार्यक्रम में सभी 12 मंडलों के प्रमुख नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पांवटा साहिब विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद विधायक रीना कश्यप, प्रदेश प्रवक्ता बलदेव तोमर, सचिव मनीष चौहान सहित संगठन के कई वरिष्ठ नेता भी इस मौके पर मौजूद रहे।

आपदा पीड़ितों के लिए राहत सामग्री रवाना, जताया शोक

कार्यक्रम की शुरुआत में प्रदेश में हालिया आपदा से प्रभावित परिवारों के प्रति शोक व्यक्त किया गया। इस दौरान डॉ. बिंदल ने राशन से भरी राहत सामग्री को रवाना करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भाजपा हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने संगठन की ओर से प्रभावित लोगों को हर संभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया।

भविष्य की तैयारी में जुटने का आह्वान, घर-घर प्रचार की अपील

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि अब समय आ गया है कि पंचायती राज चुनावों और 2027 की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को संगठन का रोल मॉडल बनकर काम करना है और पूर्व की भाजपा सरकार तथा वर्तमान केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि अब संगठन को नई दिशा देनी है।

मोदी और नड्डा के नेतृत्व की जमकर प्रशंसा

डॉ. बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को ऐतिहासिक बताया और कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारत अब विश्व गुरु बनने की ओर अग्रसर है। साथ ही उन्होंने जेपी नड्डा के संगठनात्मक नेतृत्व की भी सराहना करते हुए कहा कि हमें गर्व है कि इतने अनुभवी नेता का मार्गदर्शन हमें मिल रहा है। उन्होंने कहा कि नड्डा के नेतृत्व में संगठन और सशक्त हुआ है और हमें उनके दिखाए मार्ग पर चलकर प्रदेश में भाजपा को मजबूत करना है।