Loading...

आईटीआई, युवा मंडलों और खेल विभाग ने रैली व खेल प्रतियोगिताओं से दिया नशे के खिलाफ सशक्त संदेश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

राजगढ़ ब्लॉक में नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत आईटीआई, युवा मंडलों और युवा सेवा एवं खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता रैली और खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना रहा।

राजगढ़

युवा सेवा एवं खेल विभाग नाहन के सौजन्य से राजगढ़ ब्लॉक में नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) राजगढ़, शमलोह तथा विभिन्न युवा मंडलों के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति जागरूकता रैली एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना रहा।कार्यक्रम का आयोजन आईटीआई राजगढ़ के प्रधानाचार्य राकेश कुमार के मार्गदर्शन में तथा अमृतराज निर्मोही और यूथ मीडिया क्लब धामला के अध्यक्ष संदीप कुमार के सहयोग से किया गया। इस दौरान नवयुवक मंडल शमलोह, यूथ मीडिया क्लब धामला, शिरगुल युवा क्लब भदोरली, नवयुवक मंडल टिक्कर तथा मंडेढ़ा सहित विभिन्न युवा मंडलों के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

अभियान के तहत राजगढ़ में नशा मुक्ति जागरूकता रैली निकाली गई। इसके अलावा नारा लेखन, चित्रकला सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।युवाओं में खेल भावना विकसित करने के उद्देश्य से कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन तथा 100 और 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवी राहुल ठाकुर ने युवाओं को युवा सेवा एवं खेल विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि भविष्य में पंचायतों के सहयोग से ग्रामीण स्तर पर नवयुवक मंडलों के साथ समितियों का गठन कर नशा मुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।
इस अवसर पर यूथ मीडिया क्लब धामला के अध्यक्ष संदीप कुमार, पवन शर्मा, अरुण ठाकुर, ईश्वर दत्त, जसवंत, राकेश, अक्षय, नीरज, मुकुल सिंह, पाहुल, प्रवीन, रवीदत्त, देवराज, बालवीर सहित विभिन्न युवा मंडलों के सदस्य उपस्थित रहे।