राजगढ़ में मेडिकल स्टोरों पर पुलिस का बड़ा एक्शन, बिना पर्ची बिक रही नशीली दवाओं पर कसा शिकंजा
सिरमौर पुलिस ने नशे के खिलाफ अभियान के तहत राजगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में मेडिकल स्टोरों पर विशेष जांच अभियान चलाकर लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और प्रतिबंधित दवाइयों से जुड़े रिकॉर्ड की गहन जांच की। पुलिस ने केमिस्ट संचालकों को बिना वैध चिकित्सकीय पर्ची के नशीली या नियंत्रित दवाएं बेचने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए।
राजगढ़
नशे के खिलाफ सिरमौर पुलिस ने अब मेडिकल स्टोरों पर भी सख्ती शुरू कर दी है। बुधवार को राजगढ़ बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस ने केमिस्ट दुकानों पर विशेष जांच अभियान चलाकर लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर, बिक्री रिकॉर्ड और प्रतिबंधित एवं नियंत्रित दवाइयों से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच की। अभियान के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों को बिना वैध चिकित्सकीय पर्ची के किसी भी प्रकार की नशीली या नियंत्रित दवा बेचने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
एसएचओ राजविंदर के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने दवा विक्रेताओं को निर्देश दिए कि प्रत्येक दवा की खरीद-बिक्री का पूरा रिकॉर्ड नियमानुसार सुरक्षित रखा जाए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी दुकानदार को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस के अनुसार प्रदेश सरकार और पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के अनुरूप नशे के खिलाफ जिलेभर में विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं तक नशीली दवाइयों की पहुंच रोकना, अवैध सप्लाई चेन को तोड़ना और समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
पुलिस ने कहा कि नशीली दवाइयों का दुरुपयोग युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। ऐसे में मेडिकल स्टोर संचालकों की जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है कि वे नियमों का पूरी तरह पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।सिरमौर पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री, तस्करी या दुरुपयोग की जानकारी मिले तो बिना किसी डर के पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।पुलिस ने साफ किया है कि नशे के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिलेभर में मेडिकल स्टोरों सहित अन्य संदिग्ध स्थानों पर औचक जांच कर अवैध गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।