Loading...

Weather Alert / भारी बारिश, भूस्खलन और आपदा की आशंकाओं को लेकर तैयारियों की समीक्षा, सर्पदंश पर भी जागरूक किया गया

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 2 Hours Ago • 1 Min Read

Weather Alert : आगामी मानसून सीजन को देखते हुए राजगढ़ उपमंडल प्रशासन ने आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा की और सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। भारी बारिश, भूस्खलन, सड़क अवरोध और अन्य संभावित आपदाओं से निपटने के लिए विभागों को चौबीस घंटे तैयार रहने को कहा गया। प्रशासन ने लोगों से भी मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने और सतर्क रहने की अपील की।

राजगढ़

आगामी मानसून सीजन को देखते हुए राजगढ़ उपमंडल प्रशासन ने आपदा प्रबंधन को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। एसडीएम राजकुमार ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई और संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।बैठक में लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस, वन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। एसडीएम ने कहा कि मानसून के दौरान भारी बारिश, भूस्खलन, सड़क अवरोध, बिजली आपूर्ति बाधित होने तथा पेयजल संकट जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं। ऐसे में सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करनी होगी।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने मोबाइल फोन चौबीसों घंटे सक्रिय रखने तथा किसी भी आपदा संबंधी सूचना पर तुरंत प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को सड़कों की बहाली के लिए पर्याप्त मशीनरी तैयार रखने, विद्युत विभाग को बिजली आपूर्ति सुचारू रखने और जल शक्ति विभाग को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को राहत सामग्री तथा आवश्यक खाद्यान्न का पर्याप्त भंडारण रखने के निर्देश भी दिए गए ताकि आपदा की स्थिति में प्रभावित लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।

इस दौरान खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उपासना शर्मा ने बरसात के मौसम में बढ़ने वाली सर्पदंश की घटनाओं को लेकर लोगों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि सांप काटने की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचकर उपचार करवाना चाहिए।अंत में एसडीएम राजकुमार ठाकुर ने क्षेत्रवासियों से मानसून के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने, मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने तथा किसी भी आपदा संबंधी सूचना को तुरंत प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Related Topics: