राजगढ़ ब्लॉक में पंचायत चुनावों ने पकड़ी रफ्तार, अब तक 292 नामांकन दाखिल
Himachalnow / रराजगढ़
राजगढ़ विकास खंड में त्रिस्तरीय पंचायतीराज चुनाव-2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया ने तेजी पकड़ ली है। अब तक कुल 292 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं, जिनमें प्रधान पद के लिए सबसे अधिक 104 नामांकन शामिल हैं। उपप्रधान, पंचायत समिति, जिला परिषद और वार्ड सदस्य पदों के लिए भी बड़ी संख्या में उम्मीदवार मैदान में उतर रहे हैं, जबकि नामांकन प्रक्रिया 11 मई तक जारी रहेगी।
राजगढ़
त्रिस्तरीय पंचायतीराज चुनाव-2026 को लेकर राजगढ़ विकास खंड में चुनावी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। विभिन्न पंचायतों में उम्मीदवारों की आवाजाही बढ़ गई है और प्रधान, उपप्रधान, पंचायत समिति, जिला परिषद तथा वार्ड सदस्य पदों के लिए बड़ी संख्या में दावेदार नामांकन दाखिल कर रहे हैं।विकास खंड अधिकारी राजगढ़ से प्राप्त जानकारी के अनुसार विकास खंड की 34 ग्राम पंचायतों में अब तक कुल 292 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं।
जिला परिषद के दो वार्डों के लिए अब तक तीन नामांकन पत्र भरे गए हैं, जबकि पंचायत समिति सदस्य के 15 वार्डों के लिए 19 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतर चुके हैं।प्रधान पद के लिए सबसे अधिक उत्साह देखने को मिल रहा है। 34 पंचायतों में प्रधान पद हेतु अब तक 104 नामांकन पत्र दाखिल किए जा चुके हैं। वहीं उपप्रधान के 34 पदों के लिए 67 नामांकन प्राप्त हुए हैं।
इसके अलावा पंचायत वार्ड सदस्य के 178 पदों के लिए अब तक 99 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।खंड विकास अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि राजगढ़ विकास खंड के अंतर्गत 34 ग्राम पंचायतें आती हैं, जिनमें प्रधान और उपप्रधान के 34-34 पदों के अलावा 178 वार्ड सदस्य, 15 पंचायत समिति सदस्य और दो जिला परिषद सदस्य पद शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 11 मई निर्धारित की गई है। 12 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 15 मई को दोपहर तीन बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।उन्होंने बताया कि राजगढ़ विकास खंड में पंचायत चुनाव तीन चरणों में 26, 28 और 30 मई को करवाए जाएंगे।ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी माहौल अब पूरी तरह गर्माने लगा है। गांव-गांव में चुनावी चर्चाओं के साथ संभावित उम्मीदवारों की सक्रियता भी लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है।