राजगढ़ की पंचायतों में चुनावी रण सज गया, 34 पंचायतों से 458 उम्मीदवार मैदान में
राजगढ़ विकास खंड में पंचायत चुनाव 2026 को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न पंचायतों से प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए कुल 458 उम्मीदवार मैदान में उतर चुके हैं। कई पंचायतों में अधिक उम्मीदवारों के कारण मुकाबला बेहद दिलचस्प होने के संकेत मिल रहे हैं।
राजगढ़
पंचायत चुनाव 2026 को लेकर विकास खंड राजगढ़ में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रधान, उप-प्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए बड़ी संख्या में उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए। विकास खंड की 34 पंचायतों से कुल 458 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतर चुके हैं, जिससे कई पंचायतों में कांटे की टक्कर के आसार बन गए हैं।नामांकन रिपोर्ट के अनुसार प्रधान पद के लिए 152, उप-प्रधान पद के लिए 113 तथा वार्ड सदस्य पद के लिए 193 उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की है। नामांकन के बाद गांव-गांव में चुनावी चर्चाएं तेज हो गई हैं और प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान में जुट गए हैं।
सबसे अधिक चर्चा काथली भराण और टाली भुज्जल पंचायत की हो रही है, जहां प्रधान पद के लिए 12-12 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं शाया सनौरा पंचायत में उप-प्रधान पद के लिए सर्वाधिक 11 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। धनाच मनवा और शलाना पंचायत में प्रधान पद के लिए 8-8 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में उतर चुके हैं।वार्ड सदस्य पद पर भी कई पंचायतों में दिलचस्प मुकाबले देखने को मिलेंगे।
कोठिया जाजर पंचायत में सर्वाधिक 14 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि देवठी मझगांव पंचायत में 11 और छोगटाली व राणा घाट पंचायतों में 10-10 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है।नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब पंचायतों में चुनाव प्रचार ने जोर पकड़ लिया है। प्रत्याशी घर-घर जाकर समर्थन जुटाने में लगे हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्मा चुका है।