राजगढ़-रतोली सड़क की दुर्दशा , सरकार और विभाग खामोश
Himachalnow / रराजगढ़
सड़क के गड्ढों से जूझ रहे लोग , धरना प्रदर्शन की चेतावनी
पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के राजगढ़ से सोलन की ओर रतोली तक की 6 किलोमीटर लंबी सड़क की हालत बदहाल हो चुकी है। यह सड़क गाड़ी चालकों के लिए मुश्किलों भरा एडवेंचर बन गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क की मरम्मत के लिए सरकार और लोक निर्माण विभाग से बार-बार गुहार लगाई है , लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
गड्ढे और धूल बढ़ा रहे हैं परेशानी
सड़क पर हर तरफ गड्ढे और धूल का आलम है , जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय युवाओं ने चेतावनी दी है कि अगर समय रहते इस सड़क को दुरुस्त नहीं किया गया तो वे विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेंगे ।
लंबे समय से उपेक्षित है सड़क
स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार विभाग और सरकार को सड़क की स्थिति से अवगत कराया, लेकिन उनकी समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है । सड़क की खस्ताहाल स्थिति से लोगों में गहरा रोष है ।
मार्च-अप्रैल तक शुरू होगा टायरिंग का काम
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता पवन गर्ग ने बताया कि सड़क की टायरिंग के लिए स्वीकृति मांगी गई है और मार्च-अप्रैल तक इसका काम शुरू हो जाएगा । उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल गड्ढों को गटके से भरा जा रहा है क्योंकि यह टायरिंग का मौसम नहीं है ।