नगर पंचायत राजगढ़ वार्ड नंबर 4 बना सबसे चर्चित मुकाबला, ज्योति साहनी और एकता वर्मा के बीच कांटे की टक्कर
नगर पंचायत राजगढ़ चुनाव में वार्ड नंबर 4 इस बार सबसे चर्चित सीट बनकर उभरा है। यहां कांग्रेस की ज्योति साहनी और भाजपा समर्थित प्रत्याशी एकता वर्मा के बीच सीधा और रोमांचक मुकाबला देखने को मिल रहा है। दोनों प्रत्याशियों की क्षेत्र में मजबूत पकड़ होने के कारण मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है।
राजगढ़
नगर पंचायत राजगढ़ चुनाव में इस बार वार्ड नंबर 4 सबसे ज्यादा चर्चा का केंद्र बना हुआ है। यहां मुकाबला दो मजबूत और लोकप्रिय महिला प्रत्याशियों के बीच देखने को मिल रहा है। एक ओर कांग्रेस पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रह चुकी ज्योति साहनी हैं, तो दूसरी ओर भाजपा समर्थित प्रत्याशी एकता वर्मा (निधि) मैदान में हैं। दोनों ही प्रत्याशियों की क्षेत्र में अच्छी पकड़ मानी जा रही है, जिसके चलते वार्ड नंबर 4 का चुनाव बेहद रोमांचक हो गया है।ज्योति साहनी पिछले कई वर्षों से नगर पंचायत की राजनीति में सक्रिय रही हैं और नगर पंचायत अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। उनके कार्यकाल को लेकर समर्थकों में आज भी अच्छी चर्चा सुनने को मिलती है। क्षेत्र में उनके अनुभव और पुराने राजनीतिक नेटवर्क का उन्हें सीधा लाभ मिलता दिखाई दे रहा है। ज्योति साहनी का व्यवहार भी लोगों के बीच काफी सरल और मिलनसार माना जाता है, जिसके कारण उनकी पकड़ वार्ड में मजबूत बनी हुई है।वहीं दूसरी ओर एकता वर्मा (निधि) भी लगातार लोगों के बीच सक्रिय नजर आ रही हैं। एकता वर्मा पेशे से निजी स्कूल में अध्यापिका हैं और अपने सौम्य स्वभाव व मिलनसार व्यक्तित्व के कारण वार्ड के लोगों के बीच खास पहचान रखती हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि एकता वर्मा हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़ी नजर आती हैं और उनकी आम लोगों के साथ अच्छी तालमेल है। खासकर महिलाओं और युवाओं में उनकी अच्छी लोकप्रियता देखने को मिल रही है।वार्ड नंबर 4 में दोनों प्रत्याशियों को लेकर लोगों के बीच लगातार चर्चाएं चल रही हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि दोनों ही प्रत्याशी हंसमुख, व्यवहार कुशल और जनता से जुड़े हुए चेहरे हैं। यही कारण है कि इस बार का मुकाबला पूरी तरह कांटे की टक्कर में बदल चुका है। राजनीतिक जानकारों की मानें तो वार्ड नंबर 4 का परिणाम बेहद दिलचस्प रहने वाला है और अंतिम समय तक किसी एक प्रत्याशी की जीत का अनुमान लगाना आसान नहीं होगा।अब सबकी नजरें वार्ड नंबर 4 के मतदाताओं पर टिकी हैं कि आखिर जनता किस प्रत्याशी पर भरोसा जताते हुए अपना कीमती मत देकर विजय का ताज पहनाती है।