राजकीय महाविद्यालय रिकांग पीओ में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित
ठाकुर सेन नेगी राजकीय महाविद्यालय रिकांग पीओ में शैक्षणिक सत्र 2024-25 और 2025-26 का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह आयोजित किया गया। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने मुख्य अतिथि के रूप में समारोह में भाग लिया। इस दौरान शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
रिकांग पीओ
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए जगत सिंह नेगी ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों, सामाजिक सेवा और अन्य रचनात्मक कार्यों में भागीदारी भी जरूरी है। विद्यार्थी जीवन को व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण चरण बताते हुए उन्होंने कहा कि इस अवधि में अर्जित ज्ञान, अनुशासन और संस्कार जीवनभर मार्गदर्शन करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
महाविद्यालय में बनेगा बॉक्सिंग रिंग
जगत सिंह नेगी ने कहा कि किन्नौर की बेटियों ने बॉक्सिंग में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने रिकांग पीओ महाविद्यालय में भविष्य में बॉक्सिंग रिंग बनाने और मैदान में घास लगाने की बात कही। उनके अनुसार, जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए 19 से अधिक शिक्षण संस्थानों में रेड स्टोन बास्केटबॉल कोर्ट बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि कल्पा में बहुउद्देशीय स्टेडियम और राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल का निर्माण किया जा रहा है। रिकांग पीओ के इंडोर स्टेडियम में जिम और स्विमिंग पूल भी बनाया जाएगा। राजस्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए काम कर रही है और इसी दिशा में प्रदेश के 150 विद्यालयों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से संबद्ध किया गया है।
इन विद्यालयों में किन्नौर जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पूह, कानम, सांगला और निचार के साथ राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परियोजना क्षेत्र भाबानगर भी शामिल हैं। जगत सिंह नेगी ने कहा कि सफलता के लिए शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का विकास आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्र किन्नौर के विद्यार्थी शिक्षा, खेलकूद और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
विद्यार्थियों के लिए प्रोत्साहन राशि की घोषणा
समारोह में राजस्व मंत्री ने महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने खेलो इंडिया आइस हॉकी प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने वाली रिगजिन डोलमा को 50 हजार रुपये और राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त करने वाली अदिति को 30 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। अंतर महाविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के पदक विजेता विश्वजीत और दीपक को भी सम्मानित किया गया।
अंतर महाविद्यालय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त करने वाले विश्वजीत, कांस्य पदक जीतने वाले दीपक और वर्ष 2025 के गणतंत्र दिवस समारोह की एनसीसी परेड में भाग लेने वाले ऋषि भास्कर को 10-10 हजार रुपये देने की घोषणा की गई। महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने लद्दाखी, पहाड़ी, गरबा, शास्त्रीय और किन्नौरी संस्कृति पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें लोक कला और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक दिखाई गई।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. उत्तम चंद चौहान ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और संस्थान की वार्षिक गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी। समारोह में पंचायत समिति कल्पा की अध्यक्ष प्रतिमा नेगी, उपाधीक्षक पुलिस वरुण पटियाल, उपनिदेशक उच्च शिक्षा कुलदीप डोगरा, पंचायत समिति सदस्य पंगी संयोजक नेगी, पूर्व जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, ग्राम पंचायत शुदारंग के प्रधान कुलवंत नेगी, पीटीए प्रतिनिधि, प्राध्यापक, विद्यार्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।