Loading...
una

Road Accident Help / ऊना जिला प्रशासन की नई पहल: सड़क हादसों में घायलों की मदद करने वालों को मिलेगा 25 हजार रुपए का इनाम

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Jul 2025 • 1 Min Read

Road Accident Help : दोस्ताना सहायता और समय पर उपचार से बढ़ेगा जीवन रक्षण का प्रतिशत, उपायुक्त जतिन लाल ने की घोषणा

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

दुर्घटनाओं में मददगारों को मिलेगा सम्मान, प्रशासन का सामाजिक सरोकार पर फोकस
ऊना जिला प्रशासन ने एक प्रेरणादायक कदम उठाते हुए सड़क हादसों में घायल लोगों की सहायता करने वालों को 25,000 रुपये की नकद राशि से सम्मानित करने की घोषणा की है। उपायुक्त जतिन लाल ने यह जानकारी जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दी। उन्होंने बताया कि संबंधित एसडीएम की संस्तुति पर यह राशि जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से तत्काल दी जाएगी।

सड़क सुरक्षा पर गंभीरता, लीक से हटकर होंगे प्रयास
उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर पारंपरिक तरीकों से हटकर नए और प्रभावशाली कदम उठाए जाने चाहिए। सभी उपमंडलाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्र की समग्र सड़क सुरक्षा योजना तैयार करें, जिसमें समस्याएं, अब तक हुए सुधार और आगे की रणनीति स्पष्ट हो। उन्होंने स्कूल बसों की समय-समय पर जांच और सड़क सुरक्षा पर आधारित जागरूकता शिविर आयोजित करने के भी निर्देश दिए।

बुनियादी ढांचे का होगा सुधार, सीसीटीवी और साइनेज की व्यवस्था
बैठक में उपायुक्त ने सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र के प्रमुख स्थलों पर स्पीड ब्रेकर, साइनेज, सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक लाइट लगाने के लिए सर्वे कर प्रस्ताव भेजने को कहा। खासकर राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे खतरनाक पेड़ों को हटाने और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

ऊना-होशियारपुर मार्ग और हाईवे पर विशेष ध्यान
उपायुक्त ने बताया कि मैहतपुर से ऊना तक एनएच पर 38 स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना है। रामपुर पुल की मरम्मत का कार्य जारी है। ऊना-होशियारपुर-संतोषगढ़ चौक, अंब के बड़ूही चौक, गगरेट व दौलतपुर बाजार, बंगाणा और टाहलीवाल जैसे प्रमुख क्षेत्रों में ट्रैफिक लाइट्स और अन्य जरूरी संसाधन लगाए जाएंगे।

अधिकारियों की भागीदारी, समन्वय से बढ़ेगी सुरक्षा
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा, सभी एसडीएम, नगर निगम ऊना, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने अपने सुझावों और जिम्मेदारियों को साझा कर सड़क सुरक्षा के लिए समर्पण का संकल्प दोहराया।

Related Topics: