Loading...

ROAD CLOSED / करवा चौथ के मद्देनजर सोलन माल रोड पर वाहनों की आवाजाही पर रोक

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 4 Oct 2025 • 1 Min Read

त्योहार के दिन सुरक्षा और सुविधा के लिए जारी किए गए विशेष ट्रैफिक आदेश

सोलन।

माल रोड पर वाहनों और हाथ गाड़ियों की आवाजाही बंद रहेगी
जिला दंडाधिकारी सोलन मनमोहन शर्मा ने करवा चौथ पर्व के दृष्टिगत जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक आदेश जारी किए हैं। आदेशों के अनुसार पुराना उपायुक्त कार्यालय चौक से लेकर पुराना बस अड्डा सोलन तक माल रोड पर 9 अक्तूबर को दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक और 10 अक्तूबर को सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों और हाथ गाड़ियों की आवाजाही व पार्किंग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी।

आपातकालीन वाहनों को छूट
जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि रोगी वाहन, अग्निशमन वाहन, सेना, आपातकालीन सेवाओं, कानून-व्यवस्था और प्रोटोकॉल से जुड़े वाहनों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। यह निर्णय त्योहार के दौरान भीड़भाड़ और संभावित अव्यवस्था से बचाव के लिए लिया गया है।

दो महीने तक प्रभावी रहेंगे आदेश
दंडाधिकारी ने बताया कि सार्वजनिक व्यवस्था बनाए रखने की तात्कालिकता को ध्यान में रखते हुए यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं और आगामी दो महीनों तक प्रभावी रहेंगे।