Road Closed : दौलतपुर चौक में एनएमटी रोड का हिस्सा 15 दिन बंद, आधे मार्ग से होगी आवाजाही
Road Closed : ऊना जिले के उपमंडल गगरेट में सीएचसी दौलतपुर चौक के समीप एनएमटी रोड का किलोमीटर 66/700 से 66/900 तक का हिस्सा मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्य के कारण 6 से 20 सितंबर तक अस्थायी रूप से बंद रहेगा। इस 15 दिन की अवधि में सड़क का आधा हिस्सा वाहनों की आवाजाही के लिए खुला रखा जाएगा।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने सड़क पर यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव को लेकर मोटर वाहन अधिनियम 1988 की धारा 115 और 116 के तहत आदेश जारी किए हैं। प्रशासन के अनुसार, संबंधित सड़क पर मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम तेजी तथा सुचारू तरीके से पूरा करने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सड़क बंद रहने की अवधि और मार्ग परिवर्तन के संबंध में जनता को समय पर सूचित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि वाहन चालकों की सुविधा के लिए अग्रिम सूचना बोर्ड लगाए जाएं, ताकि मरम्मत कार्य के दौरान यातायात संचालन व्यवस्थित रहे और लोगों को मार्ग की स्थिति की जानकारी मिल सके।