जुलाई माह के लिए RTO सिरमौर ने जारी किया पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट का शेड्यूल, नोट कर लें तारीखें
RTO सिरमौर ने जुलाई 2026 के लिए जिलेभर में पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट का विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है। अलग-अलग केंद्रों पर निर्धारित तिथियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी और अभ्यर्थियों को समय पर दस्तावेजों सहित उपस्थित होने की अपील की गई है।
नाहन
अगर आप जुलाई में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने की तैयारी कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए है। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) सिरमौर ने जुलाई 2026 के लिए जिलेभर में होने वाले पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट का शेड्यूल जारी कर दिया है। अलग-अलग केंद्रों पर निर्धारित तिथियों में टेस्ट आयोजित किए जाएंगे, इसलिए अभ्यर्थी पहले ही तारीख नोट कर लें।
आरटीओ सिरमौर सोना चंदेल ने बताया कि नाहन में नाहनों की पासिंग 6 और 25 जुलाई को होगी, जबकि ड्राइविंग टेस्ट 10 और 24 जुलाई को आयोजित किए जाएंगे। पांवटा साहिब में 14 जुलाई को निजी वाहनों और स्कूल बसों की पासिंग निर्धारित की गई है, जबकि 15 और 27 जुलाई को केवल परिवहन वाहनों (ट्रांसपोर्ट व्हीकल) की पासिंग की जाएगी। यहां ड्राइविंग टेस्ट 16 और 28 जुलाई को निर्धारित किए गए हैं।
इसी तरह राजगढ़ में 23 जुलाई, शिलाई में 18 जुलाई, कफोटा में 17 जुलाई, संगड़ाह में 3 जुलाई और सराहां में 21 जुलाई को वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट दोनों आयोजित किए जाएंगे।आरटीओ ने बताया कि सभी केंद्रों में वाहनों की पासिंग और ड्राइविंग टेस्ट मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) विजय चौहान की निगरानी में होंगे। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय पर पहुंचें।