Loading...

रंगोत्सव में रुद्र की ‘प्यारा हिमाचल’ पेंटिंग अव्वल, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 Mins Ago • 1 Min Read

नाहन में आयोजित जिला स्तरीय रंगोत्सव प्रतियोगिता में पीएम श्री पंडित दुर्गा दत्त राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नारग के आठवीं कक्षा के छात्र रुद्र ने पेंटिंग में प्रथम स्थान हासिल किया है। ‘प्यारा हिमाचल’ विषय पर बनाई गई उसकी कलाकृति का चयन हमीरपुर में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यालय की छात्राओं शिवांशी और शिवन्या ने भी प्राकृतिक सामग्री से रंगोली बनाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

नाहन

जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान नाहन में हुई प्रतियोगिता में रुद्र ने रंगों और कल्पनाशीलता के माध्यम से हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता, पहाड़ी संस्कृति और मनमोहक वादियों को कैनवास पर उकेरा। निर्णायकों ने उसकी कलाकृति को पेंटिंग वर्ग में प्रथम स्थान दिया। इस उपलब्धि के साथ रुद्र ने राज्य स्तरीय रंगोत्सव प्रतियोगिता में प्रवेश हासिल किया है, जहां वह हमीरपुर में जिला सिरमौर का प्रतिनिधित्व करेगा।

प्राकृतिक सामग्री से बनाई जैविक रंगोली

विद्यालय की छठी कक्षा की छात्राओं शिवांशी और शिवन्या ने रंगोली प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों छात्राओं ने बिना किसी आर्थिक खर्च के प्राकृतिक सामग्री का उपयोग करते हुए जैविक रंगोली तैयार की। पर्यावरण संरक्षण और रचनात्मकता का संदेश देने वाली यह रंगोली प्रतियोगिता में आकर्षण का केंद्र रही। विद्यालय के विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों से स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने प्रसन्नता जताई है।

विद्यालय के प्रधानाचार्य जय प्रकाश और विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष अरुण पंवर ने विद्यार्थियों तथा विद्यालय परिवार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कमी नहीं है और उन्हें उचित मंच व प्रोत्साहन दिए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित रुद्र को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह हमीरपुर में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और जिला सिरमौर का गौरव बढ़ाएगा।

Related Topics: •