श्री रेणुका जी मेले में मांस-मछली की बिक्री और हथियार ले जाने पर रोक, आदेश जारी
अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेला-2026 के दौरान 19 से 24 नवंबर तक पूरे मेला परिसर में मांस और मछली की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इस अवधि में मांस-मछली बेचने वाली दुकानें भी नहीं खोली जा सकेंगी। प्रशासन ने बिक्री के लिए जलाल पुल के दूसरी तरफ बाईं ओर अस्थायी स्थान निर्धारित किया है। मेले में हथियार और विस्फोटक सामग्री ले जाने सहित शराब का सेवन कर अवैध गतिविधि करने पर भी रोक रहेगी।
नाहन
जिला दंडाधिकारी सिरमौर प्रियंका वर्मा ने आदेश जारी कर मेले की अवधि में प्रतिबंध लागू करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि श्री रेणुका जी मेला धार्मिक आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। इसमें हिमाचल प्रदेश के साथ हरियाणा, पंजाब और उत्तराखंड से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने और आयोजन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से मेला क्षेत्र में मांस-मछली की बिक्री प्रतिबंधित की गई है।
सुरक्षा व्यवस्था के तहत अन्य प्रतिबंध
मेले के दौरान ग्राम पंचायत ददाहू, खाला-क्यार और मेला क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति के आग्नेयास्त्र, लाठी, धारदार हथियार या विस्फोटक सामग्री ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा कर्मियों और धार्मिक परंपराओं के तहत छूट प्राप्त व्यक्तियों को इस आदेश से छूट दी गई है। मंदिरों में नारियल चढ़ाने तथा श्री रेणुका जी क्षेत्र में शराब का सेवन कर किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि करने पर भी रोक लगाई गई है। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
