Sakat Chauth 2023: सकट चौथ कल, जानिए पूजा विधि और शुभ मुहूर्त
HNN/ नाहन
हिंदू धर्म में सकट चौथ व्रत का विशेष महत्व होता है। साल 2023 में सकट चौथ 10 जनवरी यानी मंगलवार को है। सकट चौथ व्रत भगवान गणेश को समर्पित होता है। हिंदू पंचांग के अनुसार यह व्रत हर वर्ष माघ महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है। सकट चौथ का व्रत महिलाएं अपनी संतान की लंबी उम्र और सुख-शांति के लिए रखती हैं।
इस दिन भगवान गणेश और चन्द्र देव की उपासना करने का विधान है। जो कोई भी इस दिन श्री गणपति की उपासना करता है उसके जीवन के संकट टल जाते हैं। इस तिथि को तिल चतुर्थी, संकष्टी चतुर्थी और माघी चतुर्थी भी कहा जाता है। माना जाता है कि सकट चौथ के दिन कुछ खास उपाय करने से संतान से संबंधित समस्याएं दूर हो जाती हैं।
भगवान गणेश की पूजा विधि
प्रातः काल स्नान करके गणेश जी की पूजा का संकल्प लें। दिन भर जलधार या फलाहार ग्रहण करें। संध्याकाल में भगवान गणेश की विधिवत उपासना करें। भगवान को तिल के लड्डू, दूर्वा और पीले पुष्प अर्पित करें। चन्द्रमा को निगाह नीची करके अर्घ्य दें। भगवान गणेश के मंत्रों का जाप करें। जैसी कामना हो , उसकी पूर्ति की प्रार्थना करें।