Loading...

होटल, ढाबे, होमस्टे और किराएदार रखने वाले मकान मालिकों को लेने होंगे व्यावसायिक कनेक्शन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 4 Jun 2026 • 1 Min Read

संगड़ाह नगर पंचायत क्षेत्र में जल शक्ति विभाग ने घरेलू पेयजल कनेक्शन का व्यावसायिक उपयोग कर रहे करीब 130 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। इनमें होटल, ढाबे, होमस्टे संचालक, किराएदार रखने वाले मकान मालिक और कुछ सरकारी संस्थान शामिल हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब सभी को व्यावसायिक कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

संगड़ाह

नगर पंचायत संगड़ाह क्षेत्र में जल शक्ति विभाग ने घरेलू पेयजल कनेक्शन का व्यावसायिक गतिविधियों के लिए उपयोग कर रहे करीब 130 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए हैं। इनमें होटल, ढाबे, होमस्टे संचालक, किराएदार रखने वाले मकान मालिक तथा सरकारी संस्थान शामिल हैं।विभाग के अनुसार संबंधित उपभोक्ता अब तक घरेलू श्रेणी के कनेक्शन पर ही व्यावसायिक गतिविधियां चला रहे थे। एक कर्मचारी द्वारा सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगे जाने के बाद मामला विभाग के संज्ञान में आया। विभाग का मानना है कि इससे हर वर्ष लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा था।

सहायक अभियंता कार्यालय संगड़ाह से मिली जानकारी के अनुसार व्यावसायिक कनेक्शन पर उपभोक्ताओं को 700 रुपये मासिक अथवा 54 रुपये प्रति किलोलीटर की दर से शुल्क देना होगा। वर्तमान में घरेलू श्रेणी के कई उपभोक्ताओं को निशुल्क जलापूर्ति का लाभ मिल रहा है।जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता अनिल चौहान ने बताया कि घरेलू कनेक्शन पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने वाले करीब 130 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के भीतर उन्हें व्यावसायिक श्रेणी के कनेक्शन लेने होंगे।उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई से पेयजल के दुरुपयोग पर रोक लगेगी तथा विभाग के राजस्व में भी वृद्धि होगी।

Related Topics: