Loading...

पेपर लीक और लाठीचार्ज के विरोध में संगड़ाह में कांग्रेस का प्रदर्शन, केंद्र सरकार पर साधा निशाना

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनय कुमार के गृह क्षेत्र संगड़ाह में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक प्रकरण तथा विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस रेणुका जी मंडल इकाई के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

संगड़ाह

प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनय कुमार के गृह क्षेत्र संगड़ाह में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेपर लीक प्रकरण तथा विरोध प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस रेणुका जी मंडल इकाई के बैनर तले आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।विश्राम गृह परिसर से शुरू हुई रैली मुख्य बाजार से होते हुए मिनी सचिवालय तक पहुंची। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवाओं के हितों की रक्षा की मांग उठाई। रैली में मंडल अध्यक्ष तपेंद्र चौहान, महासचिव मित्र सिंह तोमर तथा युवा कांग्रेस नेता एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पुत्र आर्य कुमार सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बस अड्डे पर आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में केंद्र सरकार विफल रही है, जिससे युवाओं में रोष बढ़ रहा है। नेताओं ने कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग रखने वाले युवाओं पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और कांग्रेस ऐसे मुद्दों पर युवाओं की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।

कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों पर सरकार को जवाबदेह बनाना आवश्यक है तथा भर्ती प्रक्रियाओं को पूर्णतः पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया जाना चाहिए। प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम संगड़ाह के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।उल्लेखनीय है कि पेपर लीक के मुद्दे को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के विधानसभा क्षेत्र में यह पहला बड़ा विरोध प्रदर्शन माना जा रहा है, जिसे कांग्रेस ने युवाओं के हितों की लड़ाई का हिस्सा बताया।

Related Topics: