Loading...

सनौरा बना सर्वश्रेष्ठ स्कूल, सनियो दीदग ने जीता वालीबाल खिताब

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 2 Hours Ago • 1 Min Read

शिक्षा खंड राजगढ़ की अंडर-19 छात्र वर्ग की 70वीं जोनल खेलकूद प्रतियोगिता में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनौरा ने सर्वश्रेष्ठ स्कूल का खिताब जीता। मेजबान वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनियो दीदग ने शरगांव को हराकर वालीबाल प्रतियोगिता अपने नाम की। प्रतियोगिता में 21 स्कूलों के करीब 284 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में भाग लिया।

राजगढ़/सिरमौर

वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सनियो दीदग में आयोजित प्रतियोगिता वीरवार को संपन्न हुई। समापन समारोह में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जीआर मुसाफिर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। पच्छाद कांग्रेस अध्यक्ष सुनील शर्मा और दुग्ध प्रसंघ के पूर्व निदेशक सुंदर सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। मुख्य अतिथि ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

विभिन्न स्पर्धाओं के नतीजे

वालीबाल के फाइनल में सनियो दीदग ने कड़े मुकाबले के बाद शरगांव को हराया। कबड्डी में जदोल टपरोली विजेता और सनौरा उपविजेता रहा। खो-खो में राजगढ़ ने पहला तथा गढ़ोल पीड़ग ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। योग में सनौरा विजेता और सनियो दीदग उपविजेता बना। शतरंज में धरोटी स्कूल प्रथम और भुईरा द्वितीय रहा, जबकि कुश्ती प्रतियोगिता का खिताब फागू स्कूल ने अपने नाम किया।

जीआर मुसाफिर ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों में जीत और हार दोनों का महत्व होता है। उन्होंने प्रतियोगिता में हारने वाले खिलाड़ियों से निराश न होने और कड़ी मेहनत के साथ दोबारा मैदान में उतरने का आह्वान किया। समारोह के दौरान प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और स्कूलों को सम्मानित किया गया।